राजनांदगांव| वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व पार्षद अशोक फड़नवीश ने नगर निकाय चुनाव के लिए होने वाले आरक्षण से पहले आरक्षित वार्डों की सूची जारी किए जाने की मांग की है। फड़नवीश ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव का आरक्षण 19 दिसंबर को जिला कलेक्टर के अधीनस्थ होना है। पार्षदों की कुल संख्या में से पिछड़ा वर्ग के लिए 50% आरक्षण किया जाना है। जिन वार्डों को आरक्षित किया जाना है। उनकी जनसंख्या की अधिकता पर आरक्षण होगा। ऐसे में जिला प्रशासन के निर्वाचन अधिकारियों ने आरक्षित वार्ड तो तय कर लिए होंगे। जिसका प्रकाशन आरक्षण के पूर्व होना चाहिए। जिससे पता चल सके कि कौन से वार्ड अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित होंगे। इनकी संख्या तो निकाल ली है, इन सभी आरक्षित वार्ड में केवल महिला वर्ग के लिए आरक्षण होंगे। फड़नवीश ने कहा कि राजनीतिक दलों की जानकारी में लाने के लिए समस्त आरक्षित वार्ड की सूची आरक्षण के पूर्व जारी करना चाहिए। अभी भ्रम की स्थिति है कि पिछड़ा वर्ग के लिए कुल संख्या में से 50% आरक्षण लॉटरी से निकलेंगे या अधिकतम जनसंख्या संख्या को आधार मानकर वार्ड आरक्षित किए जाएंगे।