आरटीए विभाग ने शुरू किया क्लीनअप अभियान, 1 हफ्ते में सारी पेंडेंसी होगी खत्म

लुधियाना| आरटीए विभाग ने लंबित फाइलों को निपटाने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। गलत नंबर और दस्तावेजों की कमी के कारण रुकी 512 फाइलों में से 100 फाइलें ठीक कर दोबारा अपलोड कर दी गई हैं। विभाग ने सभी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर पुराना बैकलॉग जल्द खत्म करने का लक्ष्य तय किया है। विभाग के अनुसार लाइसेंस और आरसी से जुड़ी जिन फाइलों में दस्तावेजों की कमी पाई गई थी, संबंधित आवेदकों को फोन कर बुलाया जा रहा है और कमियां दूर कर उसी समय फाइलें पोर्टल पर अपलोड की जा रही हैं। नवदीप सिंह ने बताया कि उनकी अगुवाई में अंचित अटोरिया, मोहम्मद शाबिर और कुलविंदर की चार सदस्यीय टीम बनाई गई है। टीम रजिस्टर में दर्ज मोबाइल नंबरों के आधार पर आवेदकों से संपर्क कर रही है और दफ्तर में बुलाकर मौके पर ही कमियां पूरी करवा रही है। नवदीप सिंह के अनुसार विभाग में करीब 2 हजार फाइलें पेंडिंग थीं, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत का निपटारा कर दिया गया है। अब सिर्फ 400 फाइलें शेष हैं, जिन्हें एक सप्ताह में क्लियर करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि अब रोजाना आने वाली नई फाइलों को भी उसी दिन निपटाया जा रहा है ताकि दोबारा बैकलॉग की स्थिति न बने। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने दलालों के माध्यम से फाइलें जमा करवाई थीं, उनमें अधिकतर मामलों में दस्तावेज अधूरे या गलत पाए गए। इसी कारण बड़ी संख्या में फाइलें रुकी हुई थीं। परमिट शाखा से जुड़े अमरदीप सिंह ने बताया कि उनके पास आने वाले सभी ऑनलाइन परमिट आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत क्लियर किया जा रहा है। आरटीए कुलदीप बावा ने कहा कि सभी कर्मचारियों को अपना-अपना लंबित कार्य शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर शेष सभी पेंडिंग फाइलें भी क्लियर कर दी जाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *