रामानुजगंज के ग्राम आरागाही में 16 प्रहर (48 घंटे) अखंड नाम संकीर्तन समारोह का आयोजन किया गया। यह चार दिवसीय आयोजन 14 से 17 फरवरी तक चला, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सार्वजनिक अखंड नाम संकीर्तन समारोह समिति और समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में यह आयोजन संपन्न हुआ। यह धार्मिक आयोजन पिछले 40 वर्षों से प्रत्येक वर्ष निरंतर आयोजित किया जा रहा है। समारोह का शुभारंभ 14 फरवरी को कलश यात्रा के साथ हुआ। इस यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आसपास के दर्जनों गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए। अखंड नाम संकीर्तन में त्रिपुरा, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और स्थानीय भजन मंडलियों ने प्रस्तुति दी। आयोजन स्थल को सजाया गया था और पूरे गांव में भक्तिमय माहौल रहा। धार्मिक मर्यादा का पालन करते हुए, इन चार दिनों तक गांव में मांस की बिक्री पूर्णतः बंद रही। ग्रामवासियों ने भी मांसाहार से परहेज किया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस धार्मिक आयोजन ने ग्राम अरागाही में एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। समारोह में रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, पार्षद सुमित गुप्ता, अमित गुप्ता, प्रमोद मिश्रा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष रत्नेश्वर मलिक, उपाध्यक्ष कमल मंडल, प्रभातविश्वास, सचिव, सुशील सरकार, रंजीत धर, सह सचिव कार्तिक माझी, देवाशीष वेध, कोषाध्यक्ष राजू मंडल, नीतू मंडल और अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।


