आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त सेवा दे रहे हैं

भास्कर न्यूज | कवर्धा बीमारी सिर्फ शरीर को नहीं, परिवार की आर्थिक हालत को भी तोड़ देती है। खासकर तब, जब इलाज के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर, हॉस्पिटल बेड या व्हीलचेयर जैसे उपकरणों का खर्च जुड़ जाए। ऐसे समय में कवर्धा में एक मोबाइल ग्रुप लोगों के लिए हेल्थ सपोर्ट सिस्टम बन चुका है। पिछले 10 वर्षों से सक्रिय कवर्धा जंक्शन ग्रुप ने स्वास्थ्य सेवा को सामाजिक जिम्मेदारी का रूप दे दिया है। अब तक 1200 से अधिक मरीजों को इस ग्रुप के माध्यम से जरूरी मेडिकल उपकरण मिल चुके हैं। ग्रुप के सदस्यों ने देखा कि कई मरीज अस्पताल से घर तो आ जाते हैं, लेकिन घर पर देखभाल के लिए जरूरी उपकरण नहीं होते। इसे देख ग्रुप ने मेडिकल उपकरण बैंक की शुरुआत की। ग्रुप के सभी सदस्य इसमें अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। फिलहाल ग्रुप के पास 4 ऑक्सीजन सिलेंडर, 4 ऑक्सीजन जनरेट मशीन, 1 हॉस्पिटल बेड, 1 एयर बेड, 5 वॉकर, 3 व्हीलचेयर, 3 स्टिक उपलब्ध हैं। इन उपकरणों को जरूरतमंदों को बिना एडवांस और न्यूनतम मेंटेनेंस शुल्क पर दिया जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को यह सेवा पूरी तरह निशुल्क मिलती है। कवर्धा जंक्शन ग्रुप में 1021 सदस्य जुड़े हैं। हर सदस्य अपनी क्षमता अनुसार सहयोग करता है। कोई राशि देता है, कोई उपकरण पहुंचाने में मदद करता है, तो कोई मरीज के परिवार से संपर्क बनाए रखता है। स्वास्थ्य सेवा के इस मॉडल में न कोई लाभ है, न प्रचार की होड़ सिर्फ सेवा की भावना है। इसी के सहारे वे अपनी सेवा भावना को आगे बढ़ाते जा रहे हैं। जरूरतमंदों कोे राहत मिल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *