मथुरा में आर्मी कैंटीन से करोडों रुपये गबन करने वाले सैन्य कर्मी नायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में संलिप्त नायक के पिता, मां, पत्नी व भतीजे को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पकडे गए नायक से गबन की गई करोडों की रकम नकदी के रूप में भी बरामद की है। यह था मामला चार दिसम्बर 2024 को कैप्टन पंकज यादव ने थाना सदर बाजार पुलिस को तहरीर दी कि सैन्य कैंटीन में कार्यरत नायक दीपक कुमार पुत्र करतार सिंह निवासी रोहतक हरियाणा ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर आर्मी कैंटीन के 1 करोड 83 लाख 44 हजार 589 रूपये की धोखाधड़ी की है। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पत्नी सहित चार परिजनों को पहले ही कर लिया था गिरफ्तार नायक दीपक कुमार ने धोखाधड़ी कर रुपए अपने व पत्नी के खाते में ट्रांसफर करा दिये थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनके खाते को फ्रीज कराया। लेकिन उसमें सिर्फ 17 लाख रूपये ही थे। पुलिस ने तहकीकात व कार्यवाही करते हुए दीपक के पिता,मां,पत्नी व भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन नायक दीपक फरार था। दीपक को किया गिरफ्तार पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दीपक औरंगाबाद कच्चा रास्ते के पास वॉटर वर्क्स मोड की तरफ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दीपक के पास से 1 करोड़ 66 लाख 62 हजार 100 रुपए की रकम बरामद कर ली। एक महीने से बना रहा था योजना एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि रोहतक के मकान नंबर 1187 वार्ड संख्या 2 लाल बहादुर शास्त्री नगर निवासी 35 वर्षीय नायक दीपक रूपयों को पिछले एक माह से अपने व पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर रहा था तथा उसकी योजना थी कि वह छुट्टी लेकर चला जायेगा और उन रूपयों से निजी काम करेगा। इस दौरान एसपी सिटी डॉ अरविंद कुमार, सीओ सिटी भूषण वर्मा मौजूद रहे। इन धाराओं में की कार्यवाही पुलिस ने दीपक के पास से 1 करोड़ 66 लाख 62 हजार 100 रुपए नगद और 17 लाख रुपए खातों में फ्रीज करवाए। पुलिस ने दीपक के खिलाफ धारा 316(5),318(4),338,336(3),340(2),317(2) में कार्यवाही की।


