भास्कर न्यूज | लुधियाना आर्य कॉलेज के पीजी डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस मैनेजमेंट की ओर से इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (आईक्यूएसी) के सहयोग से ‘यस यूथ एग्जिबिटिंग स्किल्स (एडिशन-4)’ नाम से एक इंटर-कॉलेज मार्केटिंग फेस्ट का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों को मार्केटिंग, इनोवेशन और उद्यमिता से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव देना था। मार्केटिंग फेस्ट में एड मैड शो, बिजनेस प्लान, बिजनेस मॉडल (ब्रेन टू बिजनेस), लोगो डिजाइनिंग और प्रोमो हब (स्टॉल्स) जैसी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इन गतिविधियों के जरिए छात्रों ने अपनी रचनात्मक सोच और बिजनेस समझ का शानदार प्रदर्शन किया। इस इंटर-कॉलेज इवेंट में लुधियाना और आसपास के करीब 25 कॉलेजों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों की प्रस्तुतियों और नए आइडियाज को दर्शकों और जजों से खास सराहना मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चार्टर्ड अकाउंटेंट और भारतीय विकास परिषद के अध्यक्ष पंकज जिंदल ने छात्रों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में उद्यमिता की सोच को मजबूत करते हैं। वहीं एसीएमसी के सचिव डॉ. एस.एम. शर्मा ने सफल आयोजन के लिए छात्रों और फैकल्टी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और टीमवर्क की प्रशंसा की। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सूक्ष्म आहलूवालिया ने कहा कि इस तरह के अकादमिक आयोजन छात्रों को थ्योरी और प्रैक्टिकल नॉलेज के बीच की दूरी कम करने में मदद करते हैं। विभागाध्यक्ष शैलेजा आनंद ने फैकल्टी, स्टाफ और सभी प्रतिभागियों का सहयोग और मेहनत के लिए धन्यवाद किया।


