शहर के ज्यादातर प्राइवेट स्कूलों में अगले सत्र यानी 2025-26 के लिए 11वीं क्लास में नामांकन की प्रक्रिया 10वीं बोर्ड परीक्षा से पहले शुरू हो जाएगी। 11वीं क्लास में नामांकन के लिए कुछ स्कूलों मंे आवेदन फॉर्म मिलने लगे हैं। वहीं ज्यादातर स्कूलों में जनवरी माह से आवेदन फॉर्म मिलने लगेंगे। डीपीएस रांची सहित कई स्कूलों में आवेदन फाॉर्म इस माह से मिलेगा। इसके तहत शहर के सीबीएसई बोर्ड के स्कूलों में 11वीं क्लास में साइंस, कॉमर्स व आर्ट्स स्ट्रीम नामांकन के लिए आवेदन फॉर्म ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड पर प्राप्त कर सकेंगे। कुछ स्कूल बोर्ड परीक्षा के बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू करेंगे। सरला बिरला स्कूल के प्रिंसिपल परमजीत कौर ने बताया कि पहले नामांकन प्रक्रिया शुरू की जा रही है ताकि समय पर क्लास शुरू किया जा सके। 11वीं में सिलेबस ज्यादा होता है। उसे समय से पूरा करने में आसानी होगी। इसके साथ ही 10वीं व 11वीं के बीच के गैप को भी खत्म करने में सहयोग मिलेगा। 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद होगी सीट कंफर्म : ज्यादातर स्कूलों में 11वीं में नामांकन एंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से लिया जाएगा। वहीं कई स्कूलों मंे प्री बोर्ड के अंक के आधार पर प्रोविजनल एडमिशन लिया जाएगा। आवेदन करने के बाद स्कूलों द्वारा टेस्ट लिए जाएंगे। टेस्ट के परफॉर्मेंस के आधार पर प्रोविजनल एडमिशन लिस्ट तैयार की जाएगी। 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी होने के बाद जब छात्र स्कूल प्रबंधन द्वारा तय किए गए न्यूनतम अंक प्रतिशत प्राप्त कर लेंगे तब उनकी सीट कंफर्म की जाएगी। वहीं कुछ सीटें डायरेक्ट एडमिशन के लिए रखी जाएंगी।


