श्रीगंगानगर| भारतीय जनता पार्टी ने जिले में ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण’ (वीबी-जी राम जी) योजना के प्रचार-प्रसार को तेज कर दिया है। पार्टी संगठन ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता को ‘वीबी-जी रामजी’ अभियान का जिला संयोजक नियुक्त किया है। नवनियुक्त जिला संयोजक आशुतोष गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ग्रामीण भारत में रोजगार और समग्र विकास को एक साथ आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ इस योजना को लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, जल संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर गांव-गांव जाकर जागरूकता फैलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में जाकर आमजन से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ेंगे, ताकि हर नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। आशुतोष गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत अब प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 100 के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।


