मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डूंगरपुर जिले के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इनमें आसपुर में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) का अधिशाषी अभियंता कार्यालय खोलना, गलियाकोट में नया ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) स्थापित करना और दो महत्वपूर्ण सड़कों का चौड़ीकरण व निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने आसपुर क्षेत्र में एवीवीएनएल का अधिशाषी अभियंता कार्यालय खोलने की घोषणा की। इस कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को तकनीकी समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त, गलियाकोट क्षेत्र में 33/11 केवी क्षमता के एक नए ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) की स्थापना की जाएगी। इस जीएसएस से विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़ और निर्बाध होगी, जिससे घरेलू, कृषि और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क निर्माण कार्यों के तहत, गलियाकोट से भिलुड़ा वाया घोटाद सड़क के चौड़ाईकरण के लिए 8 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है। वहीं, रामगढ़ से जांबूखंड, घुणी होते हुए कांठड़ी तक डामर सड़क और पुलिया निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। यह सड़क ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ेगी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी।


