आसोप के पास नाड्सर गांव के खेल मैदान में शनिवार को आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन का आयोजन हुआ। रामस्नेही संप्रदाय रामधाम सींथल के पीठाचार्य क्षमाराम महाराज ने सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कथा का वाचन किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कथावाचक क्षमाराम महाराज ने अमर कथा और शुकदेवजी के जन्म का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कथा की शुरुआत करते हुए कहा कि यह ठाकुर जी की कृपा है कि आप सभी आज कथा का आनंद ले पा रहे हैं और श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कर रहे हैं। क्षमाराम महाराज ने आगे कहा कि मनुष्य जीवन सांसारिक भोगों के लिए नहीं मिला है, बल्कि इसका उद्देश्य कृष्ण भक्ति है। उन्होंने जोर दिया कि आज का मानव भगवान की भक्ति को छोड़कर विषय-वस्तुओं के भोग में लगा हुआ है। ये लोग रहे मौजूद इस अवसर पर रामस्नेही संप्रदाय के भादवा की ढाणी के उत्तराधिकारी गोविंद गोपाल शास्त्री, कथा आयोजक शिक्षक रामनिवास, जितेंद्र, सुभाष, ईश्वर, सरपंच रामभरोसी रामप्रकाश जलवानिया, पूर्व सीबीईओ अलपुराम टाक, आरपी भागीरथ कड़वासड़ा और नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवनराम जाखड़ सहित भोपालगढ़, आसोप, रजलानी, बारनी खुर्द, बागोरिया, रतकुड़िया, कुंभारा, गोटन, सुरपुरा खुर्द समेत आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के श्रद्धालु मौजूद रहे।


