आहोर विधायक ने विधानसभा में उठाया शिक्षा-पशु चिकित्सा का मुद्दा:दयालपुरा के पशु उपकेंद्र को पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग की, सरकारी स्कूलों को भी अपग्रेड करने पर की चर्चा

आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने विधानसभा कार्यवाही के दौरान क्षेत्र की जनभावनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को याचिका के माध्यम से सदन के पटल पर रखा। उन्होंने शिक्षा और पशु चिकित्सा सुविधाओं के उन्नयन की मांग की। विधायक राजपुरोहित ने विधानसभा क्षेत्र आहोर की पावटा पंचायत स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रसियावास खुर्द को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने की मांग प्रस्तुत की। उन्होंने तर्क दिया कि विद्यालय के क्रमोन्नयन से ग्रामीण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे गांव में ही शिक्षा का स्तर सुदृढ़ होगा और विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, विधायक ने दयालपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर संचालित पशु उपकेंद्र को पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पशुपालन ग्रामीण आजीविका का प्रमुख आधार है। उन्नत पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से पशुपालकों को समय पर उपचार मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने सरकार से इन जनहितकारी मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की है, ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *