मोगा के पति पत्नी को वर्क परमिट पर इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर एक युवक से 5.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। पीडि़त की शिकायत पर सुधार थाने में महिला ट्रैवल एजेंट सहित दो लोगों के खिलाफ शिकायत दी दी है। प्राथमिक जांच में मामला सही पाए जने पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना सुधार के एएसआई मनोहर लाल ने बताया कि मोगा जिले के गांव लधाईके निवासी मनविंदर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, ट्रैवल एजेंट लखबीर सिंह (कॉलेज रोड, सिंह सभा गुरुद्वारा के पास, मुल्लांपुर लुधियाना देहात) और रीना रानी (गांव अबूवाल लुधियाना देहात) ने मनविंदर सिंह और उनकी पत्नी किरणदीप कौर को वर्क परमिट और वीज़ा दिलवाकर इंग्लैंड भेजने का झांसा दिया था। 35 लाख में तय हुआ था सौदा शिकायत में बताया गया है कि दोनों एजेंटों का दफ्तर ‘सेफ कंसल्ट इमिग्रेशन रिफॉर्म’ तहसील रायकोट में स्थित है। एजेंटों ने दो महीने के भीतर वर्क परमिट और वीज़ा दिलवाने का आश्वासन दिया था। जुलाई 2024 में मनविंदर सिंह और उनकी पत्नी ने सभी आवश्यक दस्तावेज एजेंटों को सौंप दिए। इस काम के लिए दोनों पक्षों के बीच 35 लाख रुपये का सौदा तय हुआ था। आरोप है कि एजेंटों के निर्देश पर 5.50 लाख रुपये नकद और 1 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। गारंटी के रूप में तीन खाली चेक भी हस्ताक्षरित करवाए गए। एजेंटों ने आश्वासन दिया था कि वर्क परमिट क्लियर होने और पूरी रकम का भुगतान होने के बाद चेक वापस कर दिए जाएंगे। झूठे मामलों में फंसाने की धमकी लेकिन मनविंदर सिंह को न तो वर्क परमिट मिला और न ही वीज़ा। शिकायतकर्ता पंचायत के साथ एजेंटों से मिलने पहुंचा तो उन्होंने 1 लाख रुपये वापस कर दिए और 15 दिनों के भीतर शेष 5.50 लाख रुपये लौटाने का वादा किया। इसके लिए 3 लाख रुपये का चेक दिया था, जो बैंक में क्लियर नहीं हो सका। बाद में, आरोपियों ने रुपए देने से इनकार कर दिया और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी। इस मामले की जांच डीएसपी सीएडब्ल्यू द्वारा की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ट्रैवल एजेंट लखबीर सिंह और रीना रानी के खिलाफ सुधार थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।


