झारखंड में निकाय चुनाव को देखते हुए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने परीक्षा की तिथि में बदलाव किया है। मतदान के दिन 23 फरवरी को होने वाली इंटरमीडिएट की परीक्षा अब 24 फरवरी को होगी। हिंदी बी और मातृभाषा की यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक ली जाएगी। इसी तरह 11वीं की परीक्षा की तिथि भी बदली गई है। अब यह परीक्षा 25, 26 और 28 फरवरी को ली जाएगी। यह दो पालियों में होंगी। हर विषय की परीक्षा 40-40 अंकों की होगी। वहीं 27 फरवरी को मतगणना को देखते हुए आठवीं की परीक्षा अब दो मार्च को दो पालियों में ली जाएंगी। इसके लिए परीक्षार्थी 20 फरवरी से जैक की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। नौवीं की परीक्षा की तिथि में भी बदलाव किया गया है। अब यह परीक्षा छह और सात मार्च को ली जाएगी, जिसके लिए 24 फरवरी को एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं आंतरिक मूल्यांकन के अंक आठ से 18 मार्च तक ऑनलाइन पोस्ट किया जाएगा। गौरतलब है कि निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना होनी है। उसी दिन परीक्षा होने से परीक्षार्थी असमंजस में थे। वे लगातार परीक्षा तिथि बदलने की मांग कर रहे थे।


