भास्कर न्यूज़ | लुधियाना आर्य कॉलेज के पोस्ट ग्रेजुएट डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस द्वारा टेक दिशा-2026 नामक इंटर कॉलेज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस टेक्निकल फेस्ट में 25 से अधिक कॉलेजों के करीब 400 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में तकनीकी कौशल को विकसित करना और उनकी रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता में कोड गोल्फ, वेब पेज डिजाइनिंग, जावा मैस्ट्रोज, थिंक-डायनामिक कोड रिले, माइंड रैप एरर, डिजीडूडल, जैम-जस्ट अ मिनट, क्रिएशंस-एक्सपो, टेक्नो-पजल, आर्ट टेक रंगोली और लोगो डिजाइनिंग जैसे विविध इवेंट्स शामिल थे। छात्रों ने कोडिंग, डिबगिंग, वेब डेवलपमेंट और डिजाइनिंग में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। कोड गोल्फ में खालसा कॉलेज फॉर वुमन की दमनप्रीत कौर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ए.एस. कॉलेज, खन्ना के हर्षप्रीत दूसरे और श्री आत्म वल्लभ जैन कॉलेज के दक्ष तीसरे स्थान पर रहे। वेब पेज डिजाइनिंग में गुरु नानक खालसा कॉलेज की ईशा और प्रभसिमरन ने पहला स्थान प्राप्त किया। जावा मैस्ट्रोज में जीएनई कॉलेज के जसदीप ने बाजी मारी। थिंक-डायनामिक कोड रिले में गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स की पूजा फर्स्ट रहीं। माइंड रैप एरर में एससीडी कॉलेज के विनीत ने पहला स्थान प्राप्त किया। डिजीडूडल में गुरु नानक खालसा कॉलेज फॉर वुमेन मॉडल टाउन के सहजप्रीत ने जीत दर्ज की। जैम-जस्ट अ मिनट में औरबिंदो कॉलेज के मोहित पहले स्थान पर रहे। आईटी मॉडल शोकेस में आर्य कॉलेज ऑफ गर्ल्स और जीएनई की टीम ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। टेक्नो-पजल, आर्ट टेक रंगोली और लोगो डिजाइनिंग में भी विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर खालसा कॉलेज फॉर वुमेन को ओवरऑल ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि श्री औरोबिंदो कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट फर्स्ट रनर अप रहा। डॉ. एस.एम. शर्मा ने छात्रों की रचनात्मकता और परिश्रम की सराहना की।


