रामानुजगंज स्थित अंतरराज्यीय बैरियर पर मंगलवार शाम भीषण जाम लग गया। इस जाम में एम्बुलेंस, बारात की गाड़ियां और सैकड़ों अन्य वाहन घंटों तक फंसे रहे, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैरियर के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस को रास्ता नहीं मिल पा रहा था, वहीं विवाह समारोह में शामिल होने जा रही बारात की गाड़ियां भी बीच रास्ते में अटक गईं। सूचना मिलते ही एसडीओपी बाजी लाल सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं यातायात व्यवस्था को संभाला और काफी मशक्कत के बाद घंटों की कड़ी मेहनत से जाम खुलवाया, जिसके बाद लोगों को राहत मिली। जांच नाकों पर चेकिंग से बढ़ता जाम स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतरराज्यीय बैरियर पर आरटीओ, खनिज, मंडी और वन उपज जांच नाके संचालित हैं। अलग-अलग विभाग चेकिंग के नाम पर वाहनों को रोकते हैं, जिससे अक्सर लंबा जाम लग जाता है। खासकर शाम के समय भारी वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थिति और विकट हो जाती है। अलग लेन की मांग लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया जाए और अलग-अलग लेन की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि इससे भविष्य में एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन जाम में नहीं फंसेंगे। फिलहाल पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रित हो गई, लेकिन आए दिन लगने वाले इस जाम से आमजन को स्थायी राहत दिलाने के लिए दीर्घकालिक समाधान की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


