भास्कर न्यूज | कोरबा इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक दस्ताना गोदाम में आग लग गई। नगर सेना की दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। घटना में लाखों का नुकसान होना बताया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के समीप दस्ताना (हैंड ग्लव्स) गोदाम स्थित है, जहां फैक्ट्रियों में सप्लाई के लिए बड़ी मात्रा में दस्ताना रखे गए थे। शुक्रवार सुबह एकाएक गोदाम में आग लग गई। धुआं उठने पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जहां से नगर सेना की दमकल टीम को सूचना भेजी गई। थोड़ी देर के अंतराल में पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, जहां गोदाम में पूरी तरह आग फैल चुकी थी। ऐसे में दमकल टीम छत में लगी सीट और दीवार को तोड़कर अंदर पहुंची। यहां स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य करते हुए आग बुझाई गई। हालांकि इस समय पर वहां रखे दस्ताने पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। घटना में संचालक को लाखों रुपए का नुकसान होना बताया गया। गोदाम में आग किस वजह से लगी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक गोदाम के आसपास असामाजिक तत्व मंडराते रहते हैं।


