अमनदीप सिंह | अमृतसर इंडिया गेट नारायणगढ़ से भगतांवाला दाना मंडी तक बनाई जा रही 18 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य पिछले 4 महीनों से बंद पड़ा है, जिससे क्षेत्र में भारी नाराजगी है। लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रही यह 12 किलोमीटर लंबी सड़क मंडी बोर्ड द्वारा बनवाई जा रही है। यह मार्ग इंडिया गेट से शुरू होकर बासरके, भैणी, गुरु की वडाली, थांदे और ईबन से होता हुआ भगतांवाला मंडी तक पहुंचेगा। करीब 10 साल की मांग के बाद इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जिससे लोगों में खुशी थी। अधिकांश हिस्सा तैयार हो चुका है, लेकिन वडाली के पास काम रुकने से राहगीरों, व्यापारियों और क्षेत्र निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधूरी सड़क के कारण धूल, गड्ढे और ट्रैफिक अव्यवस्था आम बात बन चुकी है। क्षेत्रीय निवासी सुखजिंदर सिंह और सतनाम सिंह टिंकू ने बताया कि तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ। एक तरफ सड़क बना दी गई है, जबकि दूसरी तरफ का हिस्सा लंबे समय से अधूरा पड़ा है। रोजाना कोई न कोई वाहन असंतुलित होकर गिर जाता है और कई बार वाहन चालकों के बीच विवाद भी हो जाता है। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग पर छठी पातशाही श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का जन्म स्थान गुरुद्वारा स्थित है। आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु यहां माथा टेकने आते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वार्ड 75 के पार्षद कश्मीर सिंह ने कहा कि इंडिया गेट से मंडी तक का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और केवल वडाली क्षेत्र का कुछ हिस्सा बाकी है। विभाग और संबंधित ठेकेदार से बातचीत हो चुकी है, निर्माण कार्य जल्द दोबारा शुरू किया जाएगा। पूरा प्रोजेक्ट लगभग 12 करोड़ रुपए का है और इसे शीघ्र पूराकिया जाएगा।


