इंदिरा नगर में पुल निर्माण और सड़क चौड़ीकरण का विरोध, ज्ञापन भी सौंपा

भास्कर न्यूज | रायगढ़ इंदिरा नगर में प्रस्तावित नव निर्माण पुल और सड़क चौड़ीकरण के विरोध में स्थानीय रहवासी और दुकानदार सड़क पर उतर आए। प्रभावितों ने नगर निगम के नाम ज्ञापन सौंपकर आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना है कि 19 फरवरी को मंगल भवन बस स्टैंड में हुई जनसुनवाई में सभी प्रभावित दुकानदार और रहवासी मौजूद थे, जहां इस योजना से होने वाले नुकसान को विस्तार से रखा गया था। स्थानीय लोगों ने कहा कि वे लगभग 50 वर्षों से इस भूमि पर अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। इसके पहले भी सड़क और नाली निर्माण के दौरान चौड़ीकरण में उन्होंने पूरा सहयोग किया था। उस समय उन्हें आश्वासन दिया गया था कि अब आगे उन्हें प्रभावित नहीं किया जाएगा। प्रभावितों का कहना है कि वे लंबे समय से निगम के सभी करों का नियमित भुगतान करते आ रहे हैं और इसी स्थान से अपना व्यापार भी संचालित कर रहे हैं। रहवासियों ने कहा कि नई योजना से वे पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, जिससे परिवार के पालन‑पोषण, आजीविका और आर्थिक स्थिति पर गंभीर संकट उत्पन्न होगा। उन्होंने आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर मांग की कि प्रस्तावित निर्माण कार्य पर पुनर्विचार किया जाए, ताकि वर्षों से बसे परिवार उजड़ने से बच सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *