इंदौर में भाजपा पार्षद के घर में घुसकर हमले करने के 8 दिन बाद पार्टी ने एमआईसी मेंबर जीतू यादव (जाटव) को 6 साल के लिए बाहर निकाल दिया। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूरे विवाद को अशोभनीय बताते हुए एक्शन लिया है। 3 जनवरी को 40-50 लोगों ने भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के घर में घुसकर हमला किया था। कालरा के नाबालिग बेटे ने शुक्रवार को पुलिस को दिए बयान में बताया कि गुंडों ने उसके प्राइवेट पार्ट को भी चोट पहुंचाई। उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करने की बात कही। नाबालिग ने बताया कि आरोपियों ने गालियां देकर उसके साथ मारपीट की। उसका टॉवेल खींचा, अंडरवियर खींचकर निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया। प्राइवेट पार्ट को पकड़कर खींचा और कहा कि हम तुझे निपटाएंगे। सभी साथियों से कहा कि इससे अप्राकृतिक कृत्य करो। हमलावर जीतू के समर्थक बताए जा रहे हैं। विवाद के बीच जीतू और कालरा की बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ। इसमें जीतू ने कहा, संगठन जाए चूल्हे में। मैं अपनी जगह और संगठन अपनी जगह। घटना की शिकायत पार्षद कालरा ने पीएमओ और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। इधर, मामले में मानवाधिकार आयोग ने इंदौर पुलिस कमिश्नर से 3 हफ्ते में जांच रिपोर्ट मांगी है। पुलिस कमिश्नर ने जांच के लिए एसआईटी गठित की है। पुलिस कमिश्नर ने एसआईटी की गठित
इंदौर से भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के घर पर हुए हमले की जांच करने के लिए पुलिस कमिश्नर ने एसआईटी गठित की है। इसमें 9 पुलिस अधिकारी शामिल किए गए हैं। एसआईटी का प्रभारी (अध्यक्ष) अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त् जोन-4 आनंद यादव को बनाया गया है। सहा. पुलिस उपायुक्त देवेंद्र धुर्वे, जूनी इंदौर टीआई अनिल गुप्ता, रावजी बाजार टीआई आमोद सिंह, सहित एसआई सतीश गर्ग, रामकुमार रघुवंशी, एएसआई शिवनंदन सेंगर, सहित मुकेश गायकवाड़ और साइबर सेल प्रभारी गौरव परमार को सदस्य बनाया गया है। कल होने वाली जन आक्रोश यात्रा स्थगित
इंदौर बचाओ मंच के भगवान दास कटारिया और अजय शिवानी ने बताया कि पार्षद कमलेश कालरा के परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सर्व समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एसआईटी गठन समेत सभी मांगें मान ली है। साथ ही 15 दिन में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। ऐसे में 12 जनवरी को इंदौर बचाओ मंच की जनआक्रोश यात्रा स्थगित की जाती है। 50 से ज्यादा बदमाशों ने किया था हमला
बता दें कि बीते शुक्रवार को बदमाशों ने पार्षद कालरा के घर पर हमला किया था। कालरा ने जीतू यादव पर हमला कराने के आरोप लगाए। 8 दिन के अंतराल में जूनी इंदौर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखकर 13 बदमाशों की पहचान कर ली। इनमें से 6 को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें विनय, नवीन, अरुण उर्फ गोलू, कृष्णा, ललित और पिंटू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने 24 जनवरी तक जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि अभी तक जीतू यादव के नाम से कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, वहीं किसी भी आरोपी ने जीतू यादव का नाम भी नहीं लिया है। इस कारण पुलिस जीतू के इस मामले में शामिल होने या न होने को लेकर कोई बयान नहीं दे रही है। हालांकि पुलिस जीतू यादव पर कालरा के आरोपों की पड़ताल कर रही है। इस बीच पुलिस ने जीतू की पूरी क्राइम कुंडली खंगाल ली है। पुलिस का कहना है कि जीतू यादव ने 1999 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। तब से 2019 तक जीतू पर 11 केस दर्ज हो चुके हैं। इनमें से 10 केस परदेशीपुरा और 1 संयोगितागंज थाने में ही दर्ज हुआ है। कालरा के बेटे ने कहा- पिस्टल अड़ाकर धमकाया
कालरा के बेटे ने बताया कि 4 जनवरी को दोपहर में मैं नहा रहा था। तब 30-40 लोग घर में घुसकर गालियां देने लगे। पिता के नाम पर भी गालियां दीं। वह उस समय पर घर पर नहीं थे। आरोपियों के हाथ में हथियार, लाठी, डंडे और हॉकी थी। आरोपियों ने मुझसे पिता के बारे में पूछा, थप्पड़, मुक्कों से पीटा और हाथ से नोचा। मारने के लिए चाकू निकाला। माथे पर पिस्टल रखकर धमकाया। जब मुझे बचाने दादी और परिजन आए तो दादी के गले पर चाकू रखा और पिता को जान से मारने की धमकी दी। घर में तोड़फोड़ की। मैंने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। वहीं, मारपीट कर जब सभी चले गए तो घर पर रखा गोल्ड सेट नहीं मिला। पिता ने वापस आने पर मोबाइल की रिकॉर्डिंग सुनाते हुए बताया कि उन्होंने जीतू यादव से फोन पर बात कर आदमियों को घर से हटाने के लिए कहा था। तब जीतू यादव ने फोन पर पिता को धमकाया। इंदौर पुलिस ने जीतू की क्राइम कुंडली खंगाली… साल दर साल ऐसे दर्ज हुए जीतू पर केस
1999 में दो केस दर्ज होने के बाद परिवार ने जीतू पर सख्ती दिखाना शुरू कर दिया था। इसके चलते 2005 तक जीतू ने पढ़ाई पूरी की। 2005 में एक के बाद एक चाकूबाजी के दो प्रकरण दर्ज किए गए। इसी साल संयोगितागंज पुलिस ने लूट का प्रयास करने, सरकारी अधिकारी को डराने और अपनी मांगें मनवाने के लिए धमकाने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने जीतू की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए धाराएं बढ़ाई थीं। 2010 और 2011 में तीन केस दर्ज हुए थे
दो साल में जीतू यादव पर अवैध हथियार रखने का भी केस दर्ज किया गया। इसके साथ ही एक केस गंभीर चाकूबाजी और बलवा और हत्या के प्रयास के दो केस दर्ज किए गए। 2017 और 2019 में मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया गया। जीतू पर 2010 में बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की गई थी। इसके बाद जीतू यादव राजनीति में कदम रखा। डोजियर में बड़े अपराधियों के नाम
सोशल मीडिया पर पार्षद जीतू यादव के शहर के कई बड़े अपराधियों और हिस्ट्रीशीटर के साथ फोटो वायरल हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पुलिस कमिश्नर ने इंदौर में डीआईजी रहते बड़े बदमाशों से जुड़े वकील, राजनेता और पुलिसकर्मियों के नाम डोजियर में भरवाए थे। इसमें जीतू यादव के नाम भी कई डोजियर में शामिल थे। जीतू और कालरा की बातचीत का ऑडियो भी सामने आया था मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… इंदौर के भाजपा पार्षद बोले- संगठन गया चूल्हे में इंदौर में दो बीजेपी पार्षदों के बीच जिस बातचीत को लेकर विवाद शुरू हुआ। उसका ऑडियो अब सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि इस ऑडियो में जो व्यक्ति यह बोल रहा है कि ‘संगठन-वंगठन चूल्हे में गया’, वह बीजेपी पार्षद और एमआईसी सदस्य जीतू यादव हैं। जबकि दूसरी आवाज पार्षद कमलेश कालरा की बताई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… इंदौर में मां-दादी के सामने नाबालिग को पीटा इंदौर में भाजपा पार्षद के बेटे से मारपीट का वीडियो सामने आया है। बदमाशों ने वार्ड 65 के भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के नाबालिग बेटे को पीटा था। आरोप पार्षद और एमआईसी सदस्य जीतू यादव पर लग रहे हैं। घर में घुसकर बदमाशों ने उसके कपड़े उतार दिए और मारपीट की। पढ़ें पूरी खबर… इंदौर में भाजपा पार्षद कालरा के घर पर हमला इंदौर में भाजपा के एक पार्षद के घर पर हमला हो गया। घर में घुसकर कुछ बदमाशों ने वार्ड 65 के पार्षद कमलेश कालरा के खातीवाला टैंक स्थित घर में घुसकर उनकी मां और बेटे को घायल कर दिया। कालरा ने इसे लेकर भाजपा के ही दूसरे पार्षद जीतू यादव पर आरोप लगाया है। पढ़ें पूरी खबर…


