इंदौर के भाजपा पार्षदों का विवाद मोदी-नड्डा तक पहुंचा:कालरा बोले- यादव लिस्टेड गुंडा, पार्टी पक्षपात कर रही; सीएम ने कहा- घटना दुर्भाग्यपूर्ण

इंदौर के दो भाजपा पार्षदों का विवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा तक पहुंच गया है। पार्षद कमलेश कालरा ने पत्र लिखकर पार्टी पर पक्षपात करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, अब तक केवल नोटिस जारी किए गए। पार्षद और एमआईसी सदस्य जीतू यादव लिस्टेड गुंडा है। पार्टी को उसे निष्कासित कर देना चाहिए था। वहीं एमआईसी मेंबर जीतू यादव ने कहा, मेरा नाम जबरदस्ती घसीटा जा रहा है। वायरल ऑडियो–वीडियो की फॉरेंसिक जांच होनी चाहिए। इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा- कालरा के घर हमले की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। बता दें, मामले में दोनों पार्षदों ने पार्टी को बुधवार शाम को नोटिस का जवाब दे दिया है। वहीं, पुलिस ने भीड़ पर पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं। बुधवार देर रात सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें, कमलेश कालरा इंदौर-4 की भाजपा विधायक मालिनी गौड़ और जीतू यादव इंदौर-2 के विधायक रमेश मेंदोला के करीबी हैं। 15 दिन पहले शुरू हुए विवाद को लेकर दैनिक भास्कर ने दोनों पार्षदों से बातचीत की। परिवार दहशत में, बेटी ने ऑफिस जाना बंद किया: कालरा सवाल- विवाद के बाद पार्टी ने नोटिस के अलावा क्या किया?
कालरा: मेरा परिवार दहशत में है। बेटे ने कॉलेज और बेटी ने नौकरी पर जाना बंद कर दिया। पार्टी ने जीतू को केवल नोटिस दिया है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि कोई एक्शन क्यों नहीं लिया। जीतू यादव लिस्टेड गुंडा है। उसे अब तक पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए था। सवाल- विवाद शुरू कैसे हुआ?
कालरा: नगर निगम कर्मचारी यतींद्र यादव हमारे वार्ड में वसूली करता है। घटना के 15 दिन पहले भी उसने ऐसा किया था। मैंने उसे वसूली करने से रोका तो वह मुझे पार्षद और एमआईसी सदस्य जीतू यादव के नाम से धमकी दे रहा था कि मैं उनके खास लोगों में से हूं। उसे मैंने पहले भी समझाया था कि मेरे वार्ड में वसूली मत करना। सवाल- विवाद कैसे बढ़ा?
कालरा: एक बिल्डिंग मालिक ने मुझे वसूली करने की शिकायत की तो मैंने यतींद्र को बुलाया। पर उसने आने से मना कर दिया। वह बार–बार जीतू यादव का नाम ले रहा था। मैंने कह दिया कि वो कहीं का खां है क्या। सवाल- यह बात जीतू यादव तक कैसे पहुंची?
कालरा: हमारे बीच की बातचीत को यतींद्र यादव ने पार्षद जीतू यादव तक पहुंचा दिया। यह बात उन्हें बुरी लगी। इसे लेकर वे अपने ईगो पर आ गए। सवाल- क्या जीतू यादव और आपके बीच कोई बातचीत हुई? जीतू यादव ने मुझे फोन किया और धमकी देने लगे। मैंने उनसे माफी मांगी तो कहने लगे, वीडियो जारी करके माफी मांगो नहीं तो मुझे जीवन भर झेलने के लिए तैयार रहना। – कमलेश कालरा सवाल- क्या आपने वीडियो जारी करके माफी मांगी?
कालरा: मैंने उनसे नगर निगम में कई बार मिलने की कोशिश की, लेकिन वे मिलने को तैयार ही नहीं थे। इसके बाद हमारे बीच कोई बातचीत नहीं हुई। शुक्रवार को किसी ने हमारे बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल कर दिया। इसके बाद फिर विवाद बढ़ गया। सवाल- विवाद बढ़ाने की वजह क्या रही?
कालरा: शनिवार दोपहर मैं रीजनल पार्क श्मशान गया था, तभी जीतू यादव के 50–60 लोग मेरे घर पर आए और परिवार पर हमला करा दिया। बच्चे के कपड़े उतारकर, 78 साल की बुजुर्ग मां, दृष्टिबाधित पत्नी और घटना के समय वहां मौजूद मेरी मौसी को भी मारा। उसकी वीडियो बनाई, चाकू मारे। ये सभी जीतू यादव के लोग थे। सवाल- आपने जीतू यादव को रोका नहीं?
कालरा: घटना के वक्त मैं घर पर नहीं था। मैंने श्मशान घाट से ही जीतू यादव को फोन लगाया। कहा मेरी मां बुजुर्ग है। मैं माफी मांगते हुए वीडियो डाल दूंगा। काफी विनती की तब उन्होंने अपने लोगों को वहां से हटने को कहा। मेरा या मेरे किसी समर्थक का कोई कनेक्शन नहीं: यादव सवाल- आपने कालरा के घर गुंडे क्यों भेजे?
यादव: नहीं, मैंने किसी को नहीं भेजा। कालरा जी हमेशा मिठाई लाते हैं, मैं क्यों उनसे गलत बर्ताव करूंगा। सवाल- लेकिन वीडियो में दिख रहे लोग आपके समर्थक बताए जा रहे हैं।
यादव: मैं नहीं जानता, कौन लोग थे, वे वहां कैसे पहुंचे। ये जो पूरा घटनाक्रम चल रहा है उसमें मेरा या मेरे किसी भी समर्थक का कोई कनेक्शन नहीं है। सवाल- कालरा तो आपका नाम लेकर आरोप लगा रहे हैं?
यादव: निगमकर्मी से कालरा जी का कोई विवाद या गाली–गलौज हुई होगी। उस निगमकर्मी ने बोल दिया होगा कि हमारे यहां भी पार्षद हैं, वे कभी ऐसा नहीं कहते। उसी दिन से ये घटनाक्रम चल रहा है। इस पूरे घटनाक्रम में न जाने क्यों मुझे घसीटा जा रहा है। सवाल- आप लोगों के बीच की बात वायरल कैसे हुई? मेरे खिलाफ षड्यंत्र के तहत कुछ फर्जी ऑडियो और वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। इन सभी की फॉरेंसिक जांच होनी चाहिए। मैंने मुख्यमंत्री से भी इसकी मांग की है। – जीतू यादव सवाल- कालरा ने श्मशान घाट से आपको फोन लगाया और बदमाशों को वापस बुलाने का कहा? यानी आपका सीधा कनेक्शन है।
यादव: नहीं ऐसा नहीं है। वहां मेरा कोई समर्थक था ही नहीं तो मैं किसे फोन लगाकर मना करता। कालरा जी के घर पर जो हमला हुआ है वह गलत है। उससे मुझे भी खेद है। कालरा के परिवार पर हमले से और बढ़ा विवाद; हमले की 4 तस्वीरें… बदमाशों के हाथों में बंदूक थी, मैं बेहोश हो गई…
पार्षद कालरा की मां देवकी कालरा ने कहा कि 50-60 बदमाशों के हाथों में चाकू-बंदूक थे। हमें बहुत डराया। हमने हाथ जोड़े पर वो नहीं माने। कह रहे थे कमलेश को निकालो, छोड़ेंगे नहीं। इतनी गालियां दे रहे थे। मैं पूछ रही थी क्या बात है, तो धमका रहे थे। निकल ही नहीं रहे थे। मैं बेहोश हो गई। धड़कन रुक गई थी। फिर बहू से मारपीट की। उनके जाने के बाद पड़ोसियों ने उठाया और गोली दी। तब जाकर होश आया। सासु मां को गालियां दीं, बेटे के कपड़े उतार दिए…
कमलेश कालरा की पत्नी अरुणा कालरा ने कहा कि गुंडे हमें धमका रहे थे कि कमलेश आए तो बता देना कि ये हादसा बार-बार होता रहेगा। सासु मां ने कहा कि मैं कमलेश की मां हूं तो भी गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे। बेटा बाथरूम में था, घर में हल्ला सुनकर वह बाथरूम से निकला तो उसके कपड़े उतार दिए। वह हाथ जोड़कर खड़ा हो गया तो उसे भी पीटा। अब जानिए दोनों पार्षदों ने पार्टी के नोटिस पर क्या जवाब दिए… कालरा का जवाब : यादव को पार्टी से निष्कासित करें
दोनों पार्षदों को शहर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। इस मामले में कालरा ने कहा कि जीतू यादव की गिरफ्तारी होनी चाहिए। उस पर 10 प्रकरण चल रहे हैं, वह लिस्टेड गुंडा है। उसे जेल होनी चाहिए। पार्टी से हमने मांग की है कि उसे पार्टी से निष्कासित किया जाए। यादव का जवाब : डीप फेक वीडियो हो सकता है, जांच हो
इस मामले में मैं निर्दोष हूं। मेरा नाम क्यों घसीटा जा रहा है मुझे नहीं मालूम। सॉफ्टवेयर के माध्यम से डीप फेक वीडियो और ऑडियो बनाकर वायरल कर दिए जाते हैं, इसलिए सभी वायरल ऑडियो–वीडियो की फॉरेंसिक जांच होनी चाहिए। केस में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई, पांच गिरफ्तार
पुलिस ने बुधवार को इस विवाद में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी ऋषिकेश मीना के मुताबिक भीड़ पर दर्ज की गई एफआईआर के तहत ही पॉक्सो की धाराएं बढ़ाई हैं। इस मामले में ललित पिता सुरेश गोगडे (33 साल), कृष्ण पिता जितेंद्र शर्मा (31 साल), अरुण उर्फ गोलू यादव दानीवर पिता बाबूलाल (32 साल), विनय पिता जयप्रकाश भदरेलाल (35 साल), नवीन पिता सुरेश चंद्र आर्य (33 साल) सभी निवासी शीलनाथ केम्प कुलकर्णी भट्टा। सीएम ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए इस पूरे मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर यह लिखा… ———————— विवाद कैसे शुरू हुआ, पढ़ने के लिए ये खबर पढ़ें… इंदौर में भाजपा पार्षद कालरा के घर पर हमला:विधायक मेंदोला समर्थक पार्षद जीतू यादव पर आरोप, कहा- मेरी मां-बेटे को घर में घुसकर पीटा भाजपा पार्षद के बेटे के कपड़े उतारकर वीडियो बनाया:इंदौर में मां-दादी के सामने नाबालिग को पीटा; निगम परिषद सदस्य के समर्थकों की करतूत इंदौर के भाजपा पार्षद बोले- संगठन गया चूल्हे में:अपनी ही पार्टी के पार्षद से कहा- आपकी औकात है ऐसी बात करने की

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *