इंदौर को भिक्षुक मुक्त करने के अभियान में जो भिक्षुक मिल रहे हैं, उनकी कमाई देख अफसर भी हैरत में हैं। बुधवार रात को मल्हारगंज शनि मंदिर के पास एक महिला भिक्षुक को पकड़ा, जिसके पास 74, 768 हजार रुपए मिले। उसका जवाब और भी चौंकाने वाला था। वह बोली- यह पैसे सिर्फ हफ्तेभर में मिले हैं। उसके पास 100 रुपए के 423, 200 रु. के 18 नोट, 50 रु. के 174, 20 रु. के 305, 10 रु. के 280 नोट मिले। शहरभर में 14 और भिक्षुक मिले, जिनसे कुल 60 हजार से ज्यादा राशि मिली।
इन भिक्षुकों को उज्जैन के सेवाश्रम भेजा गया है। प्रशासन शहर को 1 जनवरी तक भिक्षुक मुक्त बनाना चाहता है। इस मुहिम में अब तक 350 महिला-पुरुष और बच्चे पकड़कर आश्रम भेजे जा चुके हैं। एक अन्य ने 7 हफ्ते में 2.50 लाख कमाए थे फरवरी में टीम ने लवकुश चौराहे के पास एक महिला को 8 साल की बच्ची के साथ भिक्षा मांगते पकड़ा। उसके पास से 19 हजार 200 रुपए मिले। महिला ने कबूला कि 7 हफ्ते में वह 2.50 लाख रु. भीख में ले चुकी है। 1 लाख गांव भेजे, 50 हजार बैंक में डाले, 50 हजार की एफडी करवाई और 50 हजार खर्च कर दिए। अगस्त में आइटी पार्क के सामने एक बुजुर्ग के पास से 29 हजार रुपए मिले थे।


