इंदौर नगर निगम टैंकर की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर घायल:टहलने निकले थे, दोनों पैर से गुजर गया पहिया; घर से कुछ दूरी पर हादसा

इंदौर के आजाद नगर इलाके में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम के टैंकर की टक्कर से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में टैंकर का पहिया बुजुर्ग के पैरों से गुजर गया, जिससे उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया है, हालांकि पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। आजाद नगर थाना पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना डेली कॉलेज के पास हुई। घायल की पहचान 85 वर्षीय सुंदरलाल पिता गंगादीन निवासी इदरीस नगर के रूप में हुई है। बताया गया कि सुंदरलाल रोज की तरह वॉकर लेकर पैदल घूमने निकले थे। वे घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे, तभी नगर निगम के टैंकर ने उन्हें तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मार दी। सड़क किनारे चल रहे थे बुजुर्ग हादसे के दौरान टैंकर का पहिया सुंदरलाल के पैरों से गुजर गया, जिससे उनके दोनों पैर कट गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि सुंदरलाल सड़क के बिल्कुल किनारे चल रहे थे और टैंकर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मारी। बताया गया है कि सुंदरलाल पहले पुलिसकर्मियों की दाढ़ी कटिंग का काम करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *