इंदौर में आज दिनभर की 10 बड़ी खबरें:राजवाड़ा पर रंगोत्सव की धूम, पानी भरे गड्ढे में डूबी डेढ़ साल की बच्ची, मौत

नमस्कार, ये है, इंदौर में आज की 10 बड़ी खबरें। अब आप रोज शाम 5 बजे एक ही जगह पर शहर की दिन भर की बड़ी खबरें पढ़ सकते हैं। कब क्या हुआ, इसकी सारी जानकारी यहां मिलेगी। राजनीति से लेकर हर दिन होने वाले बड़े इवेंट, हादसे, कार्यक्रम सबकुछ… 1. राजवाड़ा पर उमड़ा हुजूम, फिल्मी गानों पर डांस इंदौर में होली का पारंपरिक उल्लास पूरे वैभव के साथ नजर आ रहा है। शहर में रंग, गुलाल और लोक परंपराओं की धूम है। सबसे अधिक उत्साह राजवाड़ा पर देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में लोग होली मनाने पहुंचे। यहां युवाओं ने फिल्मी गानों पर जमकर डांस किया और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। वहीं, इंदौर सेंट्रल जेल में भी होली का त्योहार उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया गया। यहां बंदियों ने आपसी भाईचारे के साथ रंगोत्सव मनाकर सकारात्मक संदेश दिया। पढ़िए पूरी खबर। 2. खुडैल थाना क्षेत्र में डेढ़ साल की बच्ची डूबी, मौत इंदौर के खुडैल थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम डेढ़ साल की बच्ची की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। खुडैल पुलिस के अनुसार 18 माह की रजनी, पिता संदीप, निवासी तिल्लोर, शाम को घर के पास खेत में खेल रही थी। खेत में पानी के लिए खोदे गए गड्ढे की ओर जाते समय वह औंधे मुंह गिर गई। पढ़िए पूरी खबर। 3. शहर में महिलाओं से मारपीट के दो मामले इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई कि पूर्व विवाद के चलते आरोपी उसके भाई के साथ मारपीट कर रहे थे। भाई की आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और मारपीट की। युवती ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके कपड़े भी खींचे गए। पढ़िए पूरी खबर। 4. पाइप के विवाद पर हवाई फायरिंग कनाड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम हिगोनिया में पाइप को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पहले जातिसूचक गालियां दीं और फिर दो नाली बंदूक से हवाई फायर कर दहशत फैला दी। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पढ़िए पूरी खबर। 5. इंदौर बायपास को मिलेगी नई जिंदगी शहर की लाइफलाइन इंदौर बायपास को अब 100 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक तकनीक से नवीनीकृत किया जाएगा। सांसद शंकर लालवानी की केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ हालिया मुलाकात सार्थक साबित हुई है। इस फंडिंग से बायपास की खराब सतह को जियोग्रिड तकनीक से मजबूत बनाया जाएगा, जो दोपहिया वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। पढ़िए पूरी खबर। 6. ग्रैंड ओमनी गार्डन में नकाबपोश बदमाशों का धावा शहर के पॉश इलाके विजयनगर चौराहा के पास स्थित ग्रैंड ओमनी गार्डन में मंगलवार को नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने गार्डन के ऑफिस में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और वहां काम कर रहे कर्मचारी के साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पढ़िए पूरी खबर। 7. त्योहार के पहले रात में सड़कों पर उतरी पुलिस इंदौर में होली-रंगपंचमी के मद्देनजर इंदौर शहर में बीती रात अभियान चलाया गया और गुंडे-बदमाशों, असामाजिक तत्वों के साथ ही नशाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले नशाखोरों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग में गुंडे-बदमाशों और अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों को चेक किया। पढ़िए पूरी खबर। 8. स्टाम्प ड्यूटी नहीं भरी तो खाता सील इंदौर में स्टाम्प ड्यूटी की बकाया वसूली को लेकर पंजीयन विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। लंबे समय से नोटिस के बावजूद राशि जमा नहीं करने वाले संपत्ति धारकों के खिलाफ विभाग ने सीधे बैंक खातों पर कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा खाते सील कर दिए हैं। यह कदम करीब 10 करोड़ रुपए की बकाया स्टाम्प ड्यूटी की वसूली के लिए उठाया गया है। पढ़िए पूरी खबर। 9. 5वें दिन भी शारजाह-इंदौर उड़ान निरस्त मध्य-पूर्व के देशों में चल रहे युद्ध के कारण शारजाह से इंदौर आने वाली उड़ान आज लगातार पांचवें दिन रद्द कर दी गई है। पहले दुबई और फिर शारजहा एयरपोर्ट को बंद किया था। हालांकि कल से कुछ शहरों के लिए उड़ान शुरू हो गई है, लेकिन उसमें भारत के मेट्रो शहरों को पहली प्राथमिकता दी गई। पढ़िए पूरी खबर। 10. जीवन में लिया संकल्प, मृत्यु के बाद परिवार ने निभाया इंदौर में 83 वर्षीय वृद्धा के निधन के बाद उनके लिए गए संकल्प को पूरा करते हुए परिजन ने उनकी देह दान की है। इसी कड़ी में उनकी आंखें और त्वचा भी दान की है जिससे दूसरे लोगों की अंधियारी जिंदगी में उजियारा होगा। पढ़िए पूरी खबर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *