मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पानी के कारण लोगों की मौत के मामले में अब ग्वालियर में राजनीतिक दलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने इस घटना को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर ‘जन जागरण अभियान’ चलाने की घोषणा की है। यह अभियान आगामी 8 जनवरी, गुरुवार को शाम 4 बजे चार शहर के नाके चौराहे से शुरू होगा। कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा और जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव इस अभियान का नेतृत्व करेंगे। इसी कड़ी में, आम आदमी पार्टी ने भी अपना विरोध दर्ज कराया है। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अमिताभ पांडे ने बच्चों और जनता के साथ इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों पर संजय नगर से सब्जी मंडी तक कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने भी कांग्रेस के महिला और पुरुष कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ लक्ष्मी बाई समाधि स्थल से पड़ाव चौराहे तक कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी।


