शहर में एबी रोड पर चिड़ियाघर के सामने स्थित माहेश्वरी मांगलिक भवन में 16 दिसंबर से पं. पुष्पानंदजी (पवन तिवारी कांटाफोड़ वाले) की भागवत कथा शोभायात्रा के साथ शुरू हुई। भागवतजी की शोभायात्रा में चारों परिवार के सदस्य और अन्य श्रद्धालु भजनों पर नाचते हुए चले। भागवत पुराण के साथ ही पं. पवन तिवारी एवं रेखा परवाल द्वारा सजाए गए लड्डू गोपाल भी इस यात्रा में शामिल थे। बैंड बाजा, बग्घी, श्रीकृष्णजी एवं राधा जी के स्वरूप में मन मोहने वाली जोड़ी ने भी सभी को खूब आनंदित किया।
शीतकाल के सुंदर वातावरण में भारतीय परिधानों से सजे-धजे सभी परिवारजन नंगे पैर भागवतजी की पोथी को बारी-बारी से अपने सिर पर रखकर भजनों पर खुशी से झूमते चल रहे थे। इसमें शामिल होने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आए। राठी, परवाल, मालपानी एवं आगीवाल परिवार के करीब 250 परिजन इसमें शामिल हुए। 22 दिसंबर तक चलने वाली कथा प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक चल रही है। पं. पवन तिवारीजी निश्चित ही अपनी सुंदर शैली से सभी सहभागियों एवं आगंतुकों का मन मोह लेंगे।


