इंदौर के राउ इलाके में रहने वाली एक 26 साल की महिला ने पति से विवाद के बाद सुसाइड कर लिया। बताया जाता है कि परिवार में बेटी की मान का प्रोग्राम था। पत्नी ने पति से हिसाब-किताब करने की बात की। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। नाराज पत्नी ने मंगलवार शाम सुसाइड कर लिया। राउ पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आशा पति सुरेश बागरी, निवासी संजय नगर केट रोड ने मंगलवार शाम फांसी लगा ली। पुलिस के मुताबिक सुरेश ने बताया कि वह प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। 9 नवंबर के दिन बेटी का मान का प्रोग्राम रखा था। जिसमें परिवार के लोग शामिल हुए थे। मंगलवार को इस प्रोग्राम का हिसाब-किताब करने को लेकर आशा ने पति से बात की, तो उसने कहा कि बाद में देखेंगे। इस बात पर दोनों की बहस हुई। शाम को सुरेश घर आया तो आशा फांसी के फंदे पर झूली हुई थी। बाद में उसने आसपास के लोगों की मदद से उसे उतारा। नजदीक के दो अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन डॉक्टरों ने उसे एमवाय भेज दिया।
तीन साल बाद हुई थी बेटी
सुरेश ने बताया कि उसकी शादी को करीब 6 साल हो गए। बच्चे नहीं होने पर उन्होंने मान की। तीन साल बाद बेटी होने पर उसकी मान थी तो उसका प्रोग्राम किया था। सुरेश का ससुराल सोनकच्छ के पास का है। पुलिस के मुताबिक मायके पक्ष के बयान होना बाकी हैं। महिला दो बार पहले भी सुसाइड का प्रयास कर चुकी है। लेकिन इस मामले की शिकायत थाने तक नहीं आई। मामले में जांच की जा रही है। नाबालिग ने किया सुसाइड
नंदानगर में रहने वाले एक नाबालिग ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। परदेशी पुरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 17 साल के सूर्यांश पुत्र रवि ने अपने घर में फांसी लगा ली। मंगलवार को परिवार ने उसका शव फंदे पर लटके देखा। परिवार ने बताया कि दो साल पहले उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। वह पिता के साथ लाईट डेकोरेशन का काम कर रहा था। परिवार में दो बहने हैं। वह माता-पिता का इकलौता बेटा है। परिवार के लोगों ने बताया कि इलाके में रहने वाली किसी लड़की से उसका अफेयर चल रहा था। इसे लेकर वह तनाव में था। पुलिस को अभी कमरे से किसी तरह का सुसाइड नोट नही मिला है। उसके मोबाइल की जांच की जा रही है।


