इंदौर के रावजी बाजार क्षेत्र में गुरुवार रात जहरीली गैस फैल गई। घटना के बाद करीब एक घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम खतरनाक सिलेंडर को सूझबूझ के साथ पानी से भरे ड्रम में डालती नजर आ रही है। काफी देर तक उस पर पानी डाला गया, जिससे गैस का फैलाव नियंत्रित हो गया। बाद में सिलेंडर को रात में ही बायपास के रास्ते करीब 13 किलोमीटर दूर देवगुराड़िया स्थित नगर निगम के प्लांट भेज दिया गया। इधर, आरोपी कबाड़ी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि यह सिलेंडर कबाड़ में राजा चोपड़ा से खरीदा था। विकास नाम के एक और कबाड़ी का नाम भी सामने आया है। पुलिस इन दोनों से भी पूछताछ करेगी। वहीं, मामले की जांच इंडस्ट्रियल सेफ्टी विभाग भी करेगा। रेस्क्यू की देखिए 2 तस्वीरें… गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला जांच में सामने आया कि कबाड़ी शहजाद खान की दुकान में रखे कटे हुए सिलेंडर से तेजी से गैस फैली थी। सिलेंडर को कटर से काटा गया था। शुक्रवार दोपहर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान को सील कर दिया। आनंद कलादगी ने बताया कि शहजाद खान के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(1) और 118(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। ये धाराएं खतरनाक साधनों से स्वेच्छा से चोट या गंभीर चोट पहुंचाने तथा आग, विस्फोटक या अन्य खतरनाक तत्वों से गंभीर नुकसान से जुड़ी हैं। दोष सिद्ध होने पर 10 साल तक के कारावास का प्रावधान है। इंडस्ट्रियल सेफ्टी विभाग करेगा जांच देवगुराड़िया भेजे गए सिलेंडर में प्रारंभिक जांच के दौरान अमोनिया गैस होने की आशंका जताई गई है। इसी कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ हुई। डीसीपी ने बताया कि सिलेंडर की विस्तृत जांच इंडस्ट्रियल सेफ्टी विभाग को सौंपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 20 साल से चल रही थी कबाड़ और सिलेंडर कटिंग की गतिविधि स्थानीय लोगों के अनुसार, शहजाद की कबाड़ की दुकान पिछले 20 वर्षों से संचालित हो रही थी, जहां लोहे के कबाड़ के साथ-साथ सिलेंडर कटिंग का काम भी किया जाता था। शहजाद के बेटे शाहरुख खान ने बताया कि दुकान पर वह सिलेंडर (बाटला) करीब 10 दिनों से रखा था। रात को क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है क्योंकि वह नमाज पढ़ने गए थे। घटना की सूचना उन्हें करीब डेढ़ घंटे बाद मिली। शाहरुख का दावा है कि उनका काम स्क्रैप और भंगार से जुड़ा है और वे नियमित रूप से जीएसटी भी भरते हैं। यह खबर भी पढ़ें… इंदौर में जहरीली गैस फैली, 5 की तबीयत बिगड़ी इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अमोनिया गैस के रिसाव से इलाके में हड़कंप मच गया। गैस के असर से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद दो महिलाओं समेत पांच लोगों को एहतियातन अस्पताल भेजा गया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…


