इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र में एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। सर्वानंद नगर स्थित एक बिल्डिंग में रहने वाले छात्र को एक दर्जन से अधिक युवकों ने डंडों से बुरी तरह पीटा। बीचबचाव करने आए उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है। भंवरकुआ पुलिस के अनुसार यह घटना 25 दिसंबर देर रात की है। पुलिस ने दूसरे दिन ही एफआईआर दर्ज कर ली थी, लेकिन मामला सामान्य धाराओं में दर्ज होने को लेकर अब पीड़ित पक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। वीडियो में निखिल रघुवंशी और उसके चचेरे भाई अक्षय के साथ मोहित मौर्य, आयुष मौर्य, सोनू हार्डिया, अनिस पटेल, हर्ष बन्ना, परविंद्र जाट, मोहित शर्मा, चिट्टू पटेल सहित अन्य युवक मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पीएससी की तैयारी कर रहा है निखिल पीड़ित निखिल ने बताया कि वह पीएससी की तैयारी कर रहा है। 25 दिसंबर की रात करीब 11 बजे उसका चचेरा भाई अक्षय कार से बिल्डिंग की ओर आ रहा था। इसी दौरान आयुष मौर्य की मोपेड से कार टच हो गई। इस बात पर आयुष ने गालीगलौज शुरू कर दी और अक्षय के साथ मारपीट करने लगा। जान बचाकर अक्षय बिल्डिंग में घुस गया, लेकिन कुछ देर बाद आयुष अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अक्षय को जबरन बाहर निकाल लिया। इसके बाद अक्षय को सड़क पर पटक-पटक कर पीटा गया। जब निखिल बचाव के लिए पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। बाद में आसपास के लोगों के पहुंचने पर किसी तरह दोनों को बचाया जा सका। पुलिस पर ठीक से कार्रवाई न करने का आरोप अक्षय और उसके परिवार का आरोप है कि गंभीर मारपीट और वीडियो सबूत सामने होने के बावजूद राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने आरोपियों पर सिर्फ सामान्य धाराओं में ही कार्रवाई की है। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष न्याय की मांग कर रहा है। आरोपियों को मिल गई जमानत पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई।


