वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इसके प्रति लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में, इंदौर पुलिस द्वारा लगातार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में अति. पुलिस उपायुक्त क्राइम इंदौर ने SAGE यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। साइबर अवेयरनेस के तहत रीगल चौराहा स्थित पुलिस कार्यालय के सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में SAGE यूनिवर्सिटी के फोरेंसिक साइंस के करीब 75 स्टूडेंट्स को एडीशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने 346वीं कार्यशाला में वर्तमान समय के विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों और इनसे बचने के तरीकों को बताया। साथ ही उन्हें पुलिस के पास आने वाली साइबर अपराधों की शिकायतों की केस स्टडी के आधार पर विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड आदि की जानकारी दी। साइबर अपराध होने पर साइबर हेल्पलाइन-1930, पोर्टल cybercrime.gov.in, इंदौर पुलिस की साइबर हेल्पलाइन 7049124445 आदि पर किस प्रकार शिकायत करें। पुलिस इन पर किस प्रकार कार्रवाई करती है, इसकी प्रैक्टिकल जानकारी स्टूडेंट्स को क्राइम ब्रांच में भ्रमण कर, करवाया गया। इस दौरान एडीशनल डीसीपी न सभी से कहा कि वर्तमान समय में हम दिन प्रतिदिन नित नई तकनीक का इस वर्चुअल दुनिया में उपयोग कर रहे हैं, और यहां जरा सी गलती बहुत भारी पड़ जाती है। इसलिए हमें हमारी डिजिटल सिक्योरिटी का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि आप सभी तो फोरेंसिक साइंस के स्टूडेंट्स हो कानून के लिए जरूरी साक्ष्यों को पता करने के ज्ञाता बन रहे हैं तो आप सबका जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है, तब ही आप दूसरों को इन खतरों से बचा पाएंगे।इसलिए हम जागरूक और सतर्क रहकर पूरी सावधानी के साथ ऑनलाइन कार्य करें तथा अपनी निजी जानकारी किसी से भी शेयर नहीं करें।


