इंदौर में बंजारा समाज के आराध्य देव का जन्मदिन मनेगा:संत सेवालाल महाराज का नगर कीर्तन रविवार को, बड़ा गणपति से शुरू होगी यात्रा

इंदौर में बंजारा समाज के आराध्य देव संत सेवालाल जी महाराज की 286वीं जयंती पर रविवार को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। यह शोभायात्रा सुबह 11:30 बजे बड़ा गणपति मंदिर से प्रारंभ होगी, जहां साधु-संतों की उपस्थिति में महाआरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। शोभायात्रा संयोजक भीमसिंह राठौड़, राजू ज्ञानी और रामेश्वर पंवार के अनुसार, यात्रा में बैंड-बाजे, घोड़े, ढोल के साथ संत सेवालाल महाराज की पालकी भी शामिल रहेगी। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए तोपखाना गुरुद्वारा साहब तक जाएगी, जहां इसका समापन होगा। समापन के बाद गुरुसिंघ सभा द्वारा विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें एक विशेष ड्रेस कोड का पालन किया जाएगा, जिसमें पुरुष श्वेत वस्त्र और महिलाएं लाल व पीले परिधान पहनेंगी। यात्रा के दौरान बंजारा समाज की संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा तथा वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजकों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों को भी आमंत्रित किया है। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और युवाओं को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस आयोजन से पहले बंजारा समाज द्वारा विभिन्न सेवा कार्य भी किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *