इंदौर में भाजपा के एक पार्षद के घर पर हमला हो गया। घर में घुसकर कुछ बदमाशों ने वार्ड 65 के पार्षद कमलेश कालरा के खातीवाला टैंक स्थित घर में घुसकर उनकी मां और बेटे को घायल कर दिया। कालरा ने इसे लेकर भाजपा के ही दूसरे पार्षद जीतू यादव पर आरोप लगाया है। कालरा ने कहा कि उनके लोगों ने मेरे घर में घुसकर मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही कालरा समर्थकों ने बाजार बंद करा दिए। रहवासी रास्ता बंद करने के लिए सिंधी कॉलोनी चौराहे पर पहुंचे, लेकिन पुलिस जाम लगाने से पहले ही उन्हें हटा दिया। सभी ने इंदौर आए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वीडी शर्मा से मिलकर जीतू यादव की शिकायत भी की। दरअसल पार्षद जीतू यादव इंदौर-2 के भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के करीबी हैं। वहीं कमलेश कालरा इंदौर-4 की भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के नजदीकी माने जाते हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमित सिंह ने बताया कि एमआईसी सदस्य जीतू यादव के लोगों ने पार्षद कमलेश कालरा के घर में घुसकर हमला किया। पूरे मामले की सीसीटीवी फुटेज चेक करने और विवादित ऑडियो की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को ऑडियो वायरल हुआ तो बढ़ा विवाद दरअसल विवाद की शुरुआत 10 दिन पुरानी है। इसका ऑडियो शुक्रवार को वायरल हुआ। इसमें वे निगमकर्मी यतींद्र यादव से अभद्रता से बात करते सुनाई दे रहे हैं। बताते हैं कि मामला जोन 12 की एक बिल्डिंग के निर्माण से जुड़ा है। इस बिल्डिंग पर यतींद्र अवैध निर्माण का नोटिस चस्पा करने गए। जब ये बात कालरा को पता चली तो उन्होंने यतींद्र और अफसर राहुल सूर्यवंशी को कॉन्फ्रेंस कॉल पर लेकर भला-बुरा कहा। आरोप है कि उन्हें धमकाया और गाली-गलौज की। पार्षद कालरा ने शनिवार को मीडिया से चर्चा में बताया कि इस मामले में मेरा और यतींद्र यादव का समझौता हो गया था। कालरा ने कहा कि यतींद्र हमारे वार्ड में वसूली कर रहा था। मैंने रोका तो उसने मुझे जीतू यादव (भाजपा पार्षद) के नाम से धमकाया था। फिर शुक्रवार रात को जीतू यादव ने मुझे फोन पर धमकियां और गालियां भी दीं। शनिवार को पार्षद बोले- जीतू ने धमकी दी, कहा- ऐसे हमले रोज होंगे कालरा ने कहा कि जीतू यादव से बात होने के बाद शनिवार सुबह मेरे घर पर 50 से 60 लोग पहुंचे। उनके हाथ में हथियार, चाकू-बंदूक थे। उस समय मैं घर पर नहीं था। मेरा बेटा दीपेश, पत्नी और बुजुर्ग मां दोनों ही थे। बेटे का कपड़े उतारकर वीडियो बनाया और उसे पीटा। मुझे जब इस घटना की जानकारी लगी तो मैंने तत्काल जीतू यादव को फोन लगाया। तब यादव ने कहा कि तुझ पर इस तरह के हमले अब रोज होंगे। तू है कौन, संगठन का पार्षद है इसलिए… नहीं तो बताता जीतू यादव कौन है पहले पढ़िए वो वायरल ऑडियो के अंश जिसके बाद दोनों पार्षद आमने-सामने हुए। यह तब का ऑडियो है, जब जीतू के समर्थक कालरा के घर में मारपीट कर रहे थे। हालांकि दैनिक भास्कर इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता। कालरा – जीतू भैय्या कमलेश बोल रहा हूं..
जीतू – अरे पहलवान साहब आप हो क्या?
कालरा – सुनो जीतू भैय्या मेरी मां बुजुर्ग है, प्लीज उनको बोलो, मेरे घर से हटाओ
जीतू- अरे मेरे घर में भी बहुत बुजुर्ग है, सबके सामने मेरी बेइज्जती करोगे
कालरा – अरे मैं कोई पहलवान नहीं हूं, सुनो सही मैं आपसे माफी मांग लेता हूं, वीडियो भी बना लेता हूं
जीतू- बना नहीं लेता हूं बनाकर डालो वीडियो
कालरा – डाल दूंगा, उन्हें बोलो चले जाएं, मेरी मां बुजुर्ग है, आप ऐसा मत सोचो।
जीतू- तू है कौन? वे संगठन का केवल पार्षद है इसलिए, इतनी इज्जत रह गई। अभी तक नहीं तो बताता जीतू यादव कौन है। और जीवन भर झेलना इसे।
कालरा – उसने जीतू एमआईसी नहीं बोला, इसलिए ऐसा हुआ, उसने केवल जीतू बोला
जीतू- साफ बोल रहा है। वह जीतू यादव, वीडियो डालना पहले
कालरा- हां भैय्या, पहले इन्हें हटा दो प्लीज भैय्या
जीतू- ओके बोलता हूं..। जीतू यादव बोले- संगठन के सामने अपना पक्ष रखूंगां मुझे मीडिया के माध्यम से ही पता चला है कि मेरे आदमियों ने जाकर कमलेश कालरा के घर पर हमला किया। मेरे लोग उनके यहां नहीं गए। ऐसे में कमलेश कालरा ऐसे आरोप मुझ पर क्यों लगा रहे हैं? ये मुझे नहीं पता। मुझे कल रात से वायरल हो रहे एक ऑडियो की जानकारी है। जिसमें कालरा जी आपा खोकर नगर निगम के एक कर्मचारी के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने मुझ पर जो आरोप लगाए हैं। उसके बारे में संगठन के सामने अपना पक्ष रखूंगा। हम एक ही संगठन के हैं, इसलिए मिल बैठकर समस्या का हल निकाल लेंगे। पुलिस ने कहा- पार्षद के बेटे की मेडिकल जांच के बाद होगी कार्रवाई जोन 4 के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आनंद यादव ने कहा कि, पार्षद के बेटे का मेडिकल कराया है। इसकी जांच के लिए हमने टीम बना दी है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही भादसं की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।


