होली पर्व पर इंदौर में दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना भंवरकुआ थाना क्षेत्र के शिव पार्वती नगर, पालदा की है। जानकारी के मुताबिक, शिव पार्वती नगर, पालदा निवासी 20 वर्षीय आदित्य पुत्र जयराम जमरे का बुधवार दोपहर घर के पास किसी बात को लेकर अज्ञात बदमाशों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद अचानक बढ़ गया और बदमाशों ने आदित्य के सीने में चाकू मार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल आदित्य को तुरंत वाहन से इलाज के लिए महाराजा यशवंतराव अस्पताल (एमवाय) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि आदित्य पालदा इलाके की एक निजी कंपनी में काम करता था। परिवार मूल रूप से बड़वानी का रहने वाला है। आदित्य की एक बहन और दो भाई हैं। उसके पिता बड़वानी में खेती-किसानी करते हैं। परिवार के मुताबिक, होली खेलने के दौरान तेजाजी चौक में रहने वाले अरुण नाम के युवक से उसकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद अरुण ने उसे चाकू मार दिया। दोस्त उसे घायल अवस्था में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


