इंदौर में राजबाड़ा पर हुई राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता:कड़ाके की ठंड में खुले मंच पर मांसपेशियों का शानदार प्रदर्शन, 4 लाख के पुरस्कार बांटे

इंदौर के ऐतिहासिक राजबाड़ा में पहली बार किसी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मध्य प्रदेश शरीर सौष्ठव संघ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मिस्टर इंडिया जूनियर शरीर सौष्ठव प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने कड़ाके की ठंड में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ओडिशा के जितेंद्र बारिक, केरल के सादिक और निशाद ने अपने-अपने वर्गों में जीत हासिल की। महिला वर्ग में ओडिशा की पिंकी बेहरा ने बाजी मारी, जबकि सीनियर वर्ग में मध्य प्रदेश के भोपाल के राकेश उइके विजेता बने। शाम से देर रात तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने संगीत की धुन पर अपनी मांसपेशियों का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विधायक गोलू शुक्ला, स्पर्धा आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह सोलंकी और सचिव रितेश विरांग सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विजेताओं को कुल चार लाख रुपए की इनामी राशि के साथ प्रोटीन सप्लीमेंट्स, घी भेंटकर और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इस दौरान भारतीय शरीर सौष्ठव संगठन की महत्वपूर्ण बैठक भी इंदौर में आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान राजबाड़ा से गुजरने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। यह आयोजन मध्य प्रदेश के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ, क्योंकि पहली बार राजबाड़ा में किसी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *