इंदौर के भंवरकुआ क्षेत्र में कंपनी कर्मचारी आदित्य जमरे की हत्या के मामले में पुलिस चार आरोपियों की तलाश कर रही है। दोस्तों के अनुसार आदित्य घर के पास खड़ा था, तभी आरोपी अरुण अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और रंग लगाने को लेकर विवाद हो गया। उस समय साथियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। करीब 15 मिनट बाद आरोपी नशे की हालत में दोबारा लौटा और आदित्य को पास के मैदान में ले जाकर चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। रंग लगाने की बात से शुरू हुआ विवाद भंवरकुआ क्षेत्र में शिव पार्वती नगर निवासी आदित्य पुत्र जयराम जमरे की अरुण नामक युवक ने सीने में चाकू मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस मयंक धामने, मोहित और दीपेश की भी तलाश कर रही है। दोस्तों के मुताबिक होली के दौरान अरुण ने आदित्य को रंग लगा दिया था, जिस पर आदित्य ने नाराज होकर उस पर हाथ उठा दिया। दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन साथियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद अरुण अपने साथियों के साथ लौटा और आदित्य से मैदान में चलकर बात करने को कहा। वहां पहुंचकर उसने अपशब्द कहे और आदित्य के सीने में चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं केस पुलिस के अनुसार आरोपी अरुण कोई काम नहीं करता और उस पर पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरुण ने आदित्य के सीने में चाकू मारा, जो दिल के पास जाकर लगा और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। गुरुवार को पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में दो आरोपियों को देर रात हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।


