इंदौर में 17 फरवरी को मध्यप्रदेश महापौर परिषद की बैठक आयोजित की है। ये बैठक ब्रिलियंट कन्वेशन सेंटर में होगी। बैठक में विभिन्न विषयों पर बातचीत करने के साथ ही प्रदेशभर से आने वाले मेयरों को शहर में कई जगह घुमाया भी जाएगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव इस बैठक की मेजबानी करेंगे। पुष्यमित्र भार्गव ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स मध्यप्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष है। महापौर भार्गव ने बताया कि 17 फरवरी को मध्यप्रदेश महापौर परिषद की बैठक इंदौर में आयोजित की जा रही है। इसमें मध्यप्रदेश के लगभग सभी महापौर शामिल होने वाले है, जो मध्यप्रदेश के नगरीय निकायों में विकास और महापौर परिषद की शक्तियों उनके उपयोग पर चर्चा करेंगे। सीएम ऑनलाइन होंगे शामिल प्राप्त जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश महापौर परिषद की बैठक 17 फरवरी को सुबह 9 बजे उद्घाटन सत्र के साथ शुरू होगी। बैठक में 17 नगर निगम के महापौर शामिल होंगे। सीएम डॉ.मोहन यादव इस बैठक में ऑनलाइन शामिल होंगे। इसमें सीएम का संबोधन भी होगा। बैठक में राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित कई जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। अलग-अलग मुद्दों पर होगी चर्चा बताया जा रहा है कि उद्घाटन सत्र में सीएम डॉ.मोहन यादव के संबोधन के साथ बैठक की शुरुआत होगी। इसके बाद राउंड टेबल पर चर्चा होगी। इसमें नगरीय निकायों के विकास और महापौरों के अधिकारों और कर्तव्यों के साथ ही नगरीय निकायों में जो समस्याएं आ रही है उस पर चर्चा की जाएगी और साथ ही कुछ प्रस्ताव भी इसमें पारित किए जाएंगे। प्रदेशभर से आने वाले मेयर्स को कराएंगे विजिट इस बैठक के बाद प्रदेशभर से आए मेयर्स को शहर के ट्रेचिंग ग्राउंड की विजिट कराई जाएगी। साथ ही 56 दुकान पर भी व्यंजनों का लुत्फ लेने के लिए ले जाया जाएगा। इसके बाद रणजीत हनुमान मंदिर रोड स्थित विश्राम बाग ले जाया जाएगा। महापौर ने की जनता से अपील इधर, स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर महापौर ने जनता से अपील की है। उन्होंने कहा कि इंदौर हर वर्ष और हर दिन तैयारी करता है। एग्जाम आने पर हम रिविजन करते है। हम तो तैयार है। हमारा होमवर्क भी पूरा है। एग्जाम में जैसे ज्यादा रिविजन होता है तो उस रिविजन के दौर में हम हैं। इसलिए इंदौर की जनता से अपील करता हूं कि स्वच्छता के इस यज्ञ में अपनी सहभागिता बढ़ाए, अपनी जागरूकता बढ़ाए और कचरे के सेग्रीगेशन और उसके निस्तारण में सहयोग करें।


