इंदौर के आजाद नगर में रहने वाली 7वीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर पर अकेली थी। शाम को जब पिता घर पहुंचे तो उन्होंने बेटी को फंदे पर लटका हुआ देखा। पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है। आजाद नगर पुलिस के अनुसार, कृष्णापुरी कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय प्राची ने अपने घर में फांसी लगाई। उसके पिता धर्मेंद्र ने बताया कि मंगलवार शाम को मैं घर पहुंचा था। उस समय दो छोटे बच्चे स्कूल से लौटने के बाद होटल चले गए थे। जब मैंने घर का गेट खोला तो अंदर प्राची फंदे पर लटकी हुई मिली। प्राची करीब एक महीने से तबीयत खराब होने के कारण स्कूल नहीं जा रही थी। दो दिन पहले ही उसने दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था। आशंका है कि बीमारी या पढ़ाई के तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया हो। प्राची के पिता चाय-नाश्ते की होटल संचालित करते हैं। प्राची का एक भाई और एक बहन है। पुलिस के मुताबिक, कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है। इधर, बुजुर्ग ने भी की आत्महत्या दूसरी ओर, छत्रीपुरा इलाके में रहने वाले एक बुजुर्ग ने भी जहर खाकर जान दे दी। मंगलवार शाम उन्हें बेसुध हालत में एमवाय अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रामजीवन (50) पिता रामनारायण, निवासी पंचमूर्ति नगर के रूप में हुई है। वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे। मंगलवार को उन्होंने जहर खा लिया था। परिजनों ने बताया कि उनसे काम नहीं हो पा रहा था, जिस कारण वे तनाव में रहते थे। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। काम और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर वे परेशान थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


