इंदौर के नंदानगर क्षेत्र से दोस्तों के साथ घूमने निकले एक किशोर की बड़वाह के समीप ओखला में कनाड़ नदी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार 17 वर्षीय हर्षित अपने दो दोस्तों के साथ बिना बताए घर से निकला था। सोमवार शाम को हुए इस हादसे के बाद मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे को गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला। चट्टान से पैर फिसला, गहरे पानी में डूबने से मौत पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हर्षित (17), पिता कैलाश निकुम के रूप में हुई है। हर्षित सोमवार को अपने दोस्त सार्थक और दिव्यांशु के साथ बाइक पर सवार होकर इंदौर के नंदानगर से खरगोन जिले के काटकूट क्षेत्र स्थित ओखला पहुंचा था। इसके बाद तीनों दोस्त कनाड़ नदी की पुलिया के पास चट्टानों पर बैठे थे, तभी अचानक हर्षित का संतुलन बिगड़ा और पैर फिसलने से वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा। हर्षित को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह देखते ही देखते पानी में समा गया। दोस्तों की आंखों के सामने हुआ हादसा हर्षित को डूबता देख उसके दोस्त बुरी तरह घबरा गए और मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन सुनसान जगह होने के कारण वहां कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर काटकूट पुलिस मौके पर पहुंची और सोमवार शाम को ही स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया। अंधेरा होने के कारण सोमवार को सफलता नहीं मिली, जिसके बाद मंगलवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और दोपहर करीब 12 बजे शव को बरामद किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल नदी किनारे शव के निकलते ही वहां मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि हर्षित एक सुनार की दुकान पर काम करता था और सोमवार को घर से केवल ‘घूमने जाने’ की बात कहकर निकला था। पुलिस ने बड़वाह के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।


