भास्कर संवाददाता | अकोदिया इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद अकोदिया नगर परिषद हरकत में आई। गुरुवार को नगर परिषद की टीम ने नगर के सभी 15 वार्डों में पानी सप्लाई का निरीक्षण किया। नलों से पानी के नमूने लिए गए। पानी टंकी से भी सैंपल लेकर पीएचई विभाग को जांच के लिए भेजा गया। नगर परिषद के सीएमओ राजेश सेन ने बताया कि लोगों को साफ और शुद्ध पानी देना प्राथमिकता है। इंदौर की घटना के बाद तुरंत जांच दल गठित किया गया। सभी वार्डों में अंतिम बिंदु से पानी के सैंपल लिए गए। पाइपलाइन और जल सप्लाई की लाइनों की भी जांच की गई। कुछ जगहों पर पानी लीकेज की समस्या मिली। उसे तुरंत ठीक किया गया। सफाई भी कराई गई। सीएमओ ने बताया कि एक-दो दिन में जांच रिपोर्ट आ जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की नप साफ और शुद्ध पानी की सप्लाई के लिए प्रतिबद्ध निरीक्षण में नगर परिषद के पार्षद और अधिकारी भी शामिल रहे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद साफ पानी की सप्लाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी नागरिक को पानी से जुड़ी समस्या हो तो वह नगर परिषद कार्यालय में संपर्क कर सकता है।


