इंद्रगढ़ में 103 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास:स्पीकर बिरला ने 18 करोड़ के रोप-वे और 62 करोड़ की सड़क का किया उद्घाटन

बूंदी के इंद्रगढ़ में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कुल 103 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें प्राचीन मां बीजासन मंदिर में 18 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला रोप-वे और 62 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित बांसी-देई-खजूरी-करवर-इन्द्रगढ़ सड़क शामिल है। बिरला ने बताया कि सदियों से आस्था का केंद्र रहा मां बीजासन मंदिर हाड़ौती सहित पूरे प्रदेश और देश के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख धाम है। रोप-वे के निर्माण से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी, जिन्हें अब तक कठिन चढ़ाई के कारण परेशानी होती थी। उन्होंने यह भी कहा कि अभयारण्य क्षेत्र में होने के कारण विकास कार्यों में पर्यावरण संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। रोप-वे से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान में धार्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है और इन्द्रगढ़ भी इस मानचित्र में महत्वपूर्ण स्थान बनाएगा। बिरला ने हाड़ौती क्षेत्र को आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने केशवरायपाटन में लगभग 42 करोड़ रुपए के विकास कार्यों, मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर के निर्माण और अन्य प्रमुख आस्था स्थलों के उन्नयन का उल्लेख किया। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं की सुविधां बढ़ेंगी और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने 62 करोड़ रुपए की लागत से बनी बांसी-देई-खजूरी-करवर-इन्द्रगढ़ सड़क के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस सड़क से क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत हुई है, जिससे ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। बिरला ने जोर दिया कि सड़क, पेयजल, सिंचाई और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं विकास की नींव हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में कई विकास कार्य प्रगति पर हैं और आने वाले समय में सड़क कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही, ईआरसीपी और नवनेरा सहित कई पेयजल तथा सिंचाई परियोजनाओं पर भी काम जारी है। उन्होंने आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों का भी जिक्र किया। इस दौरान पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा, पूर्व विधायक चन्द्रकान्ता मेघवाल, बून्दी जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष हेमराज नागर छितर लाल राणा, नैनवां प्रधान पदम नागर, केशोरायपाटन प्रधान वीरेंद्र सिंह हाड़ा, भाजपा जिला महामंत्री योगेंद्र श्रृंगी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र नागर आदि वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *