भास्कर न्यूज | अमृतसर हाल गेट सिटी सर्किल के अधीन आती घी मंडी सबडिवीजन की ओर से बिना सील किए लगाए 4 स्मार्ट बिजली मीटरों की फाइलें इंफोर्समेंट विभाग के पास पहुंच गई है। एसडीओ घी मंडी इंजी जसवंत सिंह और जेई ने यह फाइलें इंफोर्समेंट ऑफिस भिजवा दी हैं। फाइलों की जांच इंफोर्समेंट के अफसर करने में जुटे हैं। वहीं इंफोर्समेंट अधिकारियों को शक है कि घी मंडी में कई अन्य बिजली मीटर भी ऐसे ही लगाए हैं जिनकी अभी बिल्डिंग बनी ही नहीं। यह सारा खेल सबडिवीजन अधिकारियों की मिलीभगत के चल हो रहा है। वहीं सूत्रों से पता चला है कि घी मंडी सबडिवीजन के अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने ऐसे होटलों को बिजली मीटर लगाए हैं जिन्हें निगम द्वारा पिछले कई महीनों से सील किया गया है। होटल सील होने के बावजूद वहां किसकी इजाजत से बिजली मीट लगाए गए है यह जांच का विषय है। वहीं दूसरी तरफ इलाके के समाज सेवक जगदीश सिंह मिट्ठा ने इसकी लिखित शिकायत पावरकॉम के टेक्निकल ऑडिट को भी कर दी है। गौर है कि पावरकाम मैनेजमेंट रुल मुताबिक जहां बिजली नया बिजली कनेक्शन अप्लाई होता है वहां एसडीओ और जेई जाकर जांच करते है कि बिल्डिंग को निगम द्वारा सील तो नहीं किया गया या फिर बिल्डिंग अधूरी तो नहीं और लोड कम तो नहीं समेत अन्य कई तरह की जांच करनी होती है। परंतु स्मार्ट मीटरों को बिना सील करके खंभे पर लगाना गहन जांच का विषय है।


