चतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रशीद नगर के चिरैयाटांड़ मोहल्ले में कुछ लोगों द्वारा दो युवकों पर चाकू से तथा उनके माता-पिता पर लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ितों ने बताया कि इनका कसूर बस इतना था कि इनके द्वारा युवकों को चुपके से उनकी बेटी और बहन की फोटो खींचकर इंस्टाग्राम में डालने का विरोध किया गया था। इससे नाराज युवकों ने इनपर चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में घायल दोनों युवकों को सदर अस्पताल चतरा लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। हमले में घायल माता-पिता का इलाज सदर अस्पताल चतरा में चल रहा है। घायलों में मो. यासिर, मो. आमिर और उसके पिता मो. एनामुल और मां अख्तरी प्रवीण का नाम शामिल है। थाना प्रभारी बिपिन कुमार ने कहा कि इस मारपीट को लेकर मो. परवेज, मो. नैयर, मो. गुफरान, मो. शहबाज, गजाला प्रवीण और सीमा प्रवीण को अभियुक्त बनाया गया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


