डीग के इकलहरा गांव में जातीय विवाद की आशंका की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार जुगिता मीणा और थाना कोतवाली प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामनरेश मीणा ने गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। तहसीलदार मीणा ने बताया कि अतिरिक्त जिला कलेक्टर से गांव इकलहरा में जातीय विवाद की संभावित सूचना मिली थी। इसी जानकारी पर तत्काल थाना प्रभारी को सूचित कर मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया।
जांच के दौरान, अधिकारियों ने पाया कि गांव निवासी लाल सिंह अपनी खातेदारी भूमि पर दो कमरों का निर्माण कर रहा था। तहसीलदार ने लाल सिंह को निर्माण कार्य तुरंत रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि को आवासीय प्लॉट में परिवर्तित कराना आवश्यक है, और अनुमति मिलने के बाद ही निर्माण किया जा सकता है। तहसीलदार जुगिता मीणा ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और किसी प्रकार का जातीय विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
जानकारी के अनुसार, गांव के ही किसी व्यक्ति ने प्रशासन को मस्जिद निर्माण की सूचना दी थी, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस सतर्क हुए। मौके पर पहुंचकर तहसीलदार और थाना प्रभारी ने लाल सिंह से बात की, जिसने स्पष्ट किया कि वह केवल बैठक के लिए कमरा बनवा रहा है, न कि किसी धार्मिक स्थल का निर्माण। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नियमानुसार अनुमति लेकर ही किया जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।


