इटली का डेब्यू, स्कॉटलैंड से होगी भिड़ंत:नीदरलैंड को हराकर क्वालिफाई किया, ईडन गार्डन्स में सुबह 11 बजे से मुकाबला

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में सोमवार सुबह 11:00 बजे स्कॉटलैंड और इटली के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच ऐतिहासिक है क्योंकि इटली की टीम अपना वर्ल्ड कप डेब्यू कर रही है। वहीं, वेस्टइंडीज से अपना पहला मैच हारने के बाद स्कॉटलैंड इस मुकाबले में अपनी पहली जीत की तलाश में उतरेगी। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के ग्रुप में हैं दोनों टीमें
इटली की टीम ग्रुप-C में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी दिग्गज टीमों के साथ है। इटली ने यूरोपियन क्वालिफायर्स में जबरदस्त प्रदर्शन कर वर्ल्ड कप का टिकट हासिल किया था। हाल ही में हुए वार्म-अप मैचों में भी इटली ने कनाडा और UAE को हराकर अपनी तैयारियों का लोहा मनवाया है। टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्हें इंग्लैंड के डोमेस्टिक क्रिकेट और ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) का अच्छा अनुभव है। दूसरी ओर, स्कॉटलैंड की टीम को बांग्लादेश के बाहर हो जाने के बाद टूर्नामेंट में मौका मिला है। स्कॉटिश टीम में अनुभवी खिलाड़ियों की भरमार है। कप्तान रिची बेरिंगटन टीम की रीढ़ हैं, जिन्होंने 100 से ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। अब तक दोनों टीमें आपस में दो बार भिड़ चुकी हैं और दोनों ने एक-एक मैच जीता है। पिछले साल यूरोपियन क्वालिफायर्स में इटली ने स्कॉटलैंड को 12 रनों से हराकर सबको चौंका दिया था। मोस्का ब्रदर्स और जेजे स्मट्स पर रहेंगी नजरें
इटली की बल्लेबाजी में एंथोनी मोस्का और जस्टिन मोस्का की जोड़ी पावरप्ले में तेजी से रन बनाने के लिए जानी जाती है। एंथोनी टी-20 में टीम के टॉप स्कोरर भी हैं। उन्होंने अब तक खेले 18 मैचों में 122.82 की स्ट्राइक रेट से 479 रन बनाए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी जेजे स्मट्स हैं, जो पहले दक्षिण अफ्रीका के लिए खेल चुके हैं। उनके पास दुनिया भर की टी-20 लीग का अनुभव है। इसके अलावा अनुभवी वेन मैडसेन टीम की कप्तानी कर रहे हैं, जो पिछले एक दशक से इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में डर्बीशायर के लिए रनों का अंबार लगा रहे हैं। गेंदबाजी में हैरी मैनेंटी टीम के मुख्य हथियार हैं, जिन्होंने 21 मैचों में 6.41 की शानदार इकोनॉमी से 34 विकेट लिए हैं। स्कॉटलैंड के पास अनुभव
स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उन्होंने 103 मैचों में 131.25 की स्ट्राइक रेट से 2377 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में पावरप्ले के दौरान 37 रन पर 3 विकेट गिर जाने से टीम दबाव में आ गई थी। इस बार जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स की ओपनिंग जोड़ी से बेहतर शुरुआत की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में मार्क वॉट टीम के एक्स-फैक्टर हैं, जिन्होंने 78 मैचों में 89 विकेट चटकाए हैं। उनके साथ ब्रैडली करी और सफयान शरीफ ईडन गार्डन्स की पिच पर अहम भूमिका निभा सकते हैं। ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट
कोलकाता की पिच बल्लेबाजों के लिए ‘स्वर्ग’ मानी जाती है। आउटफील्ड तेज होने के कारण यहां रन बनाना आसान होता है। पहली पारी का औसत स्कोर 168 है, लेकिन इस मैच में 180+ के स्कोर की उम्मीद है। दिन का मैच होने के कारण ओस का प्रभाव नहीं रहेगा, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी कर पिच के धीमे होने का फायदा उठाना चाहेगी। मौसम क्रिकेट के अनुकूल
सोमवार को कोलकाता में मौसम क्रिकेट के अनुकूल रहेगा। तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और 13 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग XI:
स्कॉटलैंड: जॉर्ज मुन्सी, माइकल जोन्स, ब्रैंडन मैकमुलेन, रिची बेरिंगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), माइकल लीस्क, मार्क वॉट, ओलिवर डेविडसन, सफयान शरीफ और ब्रैडली करी। इटली: एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, मार्कस कैम्पोपियानो, जेजे स्मट्स, वेन मैडसेन (कप्तान), जियान पिएरो मीडे (विकेटकीपर), ग्रांट स्टीवर्ट, हैरी मैनेंटी, बेंजामिन मैनेंटी, थॉमस ड्रेका और जसप्रीत सिंह। मैच कहां देखें?
इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, मोबाइल यूजर्स जियो-हॉटस्टार एप पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। मैच से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए आप दैनिक भास्कर एप के साथ बने रह सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *