रायगढ़ | शहर के विकास कार्यों में ढिलाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर काम की क्वालिटी और रफ्तार को देखा। उन्होंने साफ कहा कि विकास के कामों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे हों, ताकि रायगढ़ को साफ और आधुनिक शहर के रूप में नई पहचान मिल सके। वार्ड नंबर 1 के दूध डेयरी इलाके में बन रहे ऑक्सीजोन और खेल मैदान को देखते हुए कलेक्टर ने काम में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अगले 8 महीने के भीतर इसका निर्माण पूरा कर जनता को सौंपा जाए। इसके बाद कलेक्टर ने इतवारी बाजार इलाके में बन रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां काम की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने 10 दिनों के भीतर काम पूरा करने की समय-सीमा तय कर दी। केलो नदी के पास बन रहे मरीन ड्राइव का भी कलेक्टर ने जायजा लिया।


