इस कांग्रेसी नेता ने होली नहीं मनाने का किया ऐलान:तूता में फिल्म सिटी के लिए कट रहे पेड़ों के विरोध में छठे दिन भी प्रदर्शन जारी

होली के रंगों से पहले राजधानी में सियासत का रंग गहरा हो गया है। तूता इलाके में फिल्म सिटी निर्माण के लिए हो रही पेड़ कटाई के विरोध के बीच रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने इस साल होली नहीं मनाने का फैसला लिया है। मेनन ने कहा कि जब हरियाली पर आरी चल रही हो, तब उत्सव मनाना उनके लिए संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है, पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं। छठे दिन भी जारी आंदोलन फिल्म सिटी परियोजना के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन लगातार छठे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ता पहले ही चिपको आंदोलन के जरिए पेड़ों से लिपटकर और खुदाई वाले गड्ढों में बैठकर विरोध दर्ज करा चुके हैं। कांग्रेस का आरोप है कि करीब 100 एकड़ जमीन पर बड़ी संख्या में पेड़ों को हटाया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि इनमें से कई पेड़ उनके शासनकाल में लगाए गए थे। सरकार का तर्क सरकार का कहना है कि चित्रोत्पला अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी से प्रदेश में फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। फिलहाल, पेड़ों की कटाई को लेकर राजनीतिक घमासान तेज है। एक तरफ विकास का दावा, तो दूसरी ओर पर्यावरण बचाने की जिद—होली से पहले राजधानी में यही मुद्दा सबसे ज्यादा रंग बिखेर रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *