सिविल जज भर्ती में 26 से 30 वर्ष आयु वाले उम्मीदवार अधिक सफल हो रहे हैं। इस बार भी सफल होने वाले 67 प्रतिशत उम्मीदवार इसी आयु वर्ग के हैं। चार बार से यही ट्रेंड है। इससे पहले वर्ष 2019, 2020 और 2022 की भर्ती में भी उक्त आयु वाले ही ज्यादा सफल रहे। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से सिविल जज भर्ती 2023 के नतीजे पिछले दिनों जारी हुए। विश्लेषण से पता चलता है कि कुल 49 पदों की भर्ती में 26 से 30 आयु वाले 33 उम्मीदवार यानी 67.3 फीसदी चयनित हुए हैं। 21 से 25 वर्ष वाले 9 और 31 से 35 एज ग्रुप में 6 उम्मीदवार सफल हुए। 36 से ज्यादा वर्ष की आयु में एक अभ्यर्थी सफल हुआ है। सिविल जज भर्ती के लिए न्यूनतम 21 और अधिकतम आयु 35 वर्ष है। अधिकतम आयु सीमा में छूट का प्रावधान है। इस बार की भर्ती-2023 के तहत मुख्य परीक्षा के रिजल्ट के आधार पर 151 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए सिलेक्ट किया गया था। इसमें से 150 साक्षात्कार में शामिल हुए थे। 2019 से 2023 तक चार बार भर्ती छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) के माध्यम सिविल जज की भर्ती अलग-अलग वर्षों में आयोजित की गई। 2019 से लेकर 2023 तक में चार बार भर्ती हुई। इसमें कुल पदों की संख्या 168 थी। इन भर्तियों में सबसे सफल उम्मीदवार 26 से 30 आयु वर्ग वाले हैं। इस आयु वर्ग से 103 उम्मीदवार चयनित हुए। जो कुल पदों का 61 प्रतिशत है। इसी तरह 21 से 25 आयु वाले 36 उम्मीदवार हैं। 31 से 35 आयु वर्ग में 20 उम्मीदवार और 36 से अधिक आयु वर्ग में 9 अभ्यर्थी सफल रहे। मेंस के स्कोर ने बनाया टॉपर सिविल जज भर्ती 2023 में टॉपर श्वेता दीवान रहीं। मुख्य परीक्षा (मेंस) के स्कोर के कारण ये टॉपर बनी। इन्होंने 100 अंकों के मेंस में 79.5 हासिल किया। जबकि 15 नंबर के इंटरव्यू में 8 अंक मिले। टॉप-10 में शामिल अन्य उम्मीदवारों की तुलना में इन्हें साक्षात्कार में कम अंक मिला। लेकिन मेंस में ज्यादा नंबर प्राप्त करने के कारण यह टॉपर बनी। टॉप-10 में शामिल 3 उम्मीदवारों को 15 अंक के इंटरव्यू में 14 अंक मिले। जबकि 2 को 12 और 2 को 11 नंबर मिला। वहीं दूसरी ओर कुछ उम्मीदवारों ने साक्षात्कार 14 अंक हासिल किया। फिर भी वे सिलेक्ट नहीं हो पाए, क्योंकि मेंस में इनका स्कोर कम था। गौरतलब है कि पिछली बार यानी सिविल जज भर्ती 2022 में टॉपर को 97 अंक मिला था। इस बार महिलाएं ज्यादा सफल : सिविल जज भर्ती में इस बार महिलाएं ज्यादा सफल रहीं हैं। 49 पदों की चयन सूची में 31 महिला और 18 पुरुष हैं। इसी तरह टॉप-10 के लिस्ट में भी 7 महिला और 3 पुरुष हैं। जानकारों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले की सिविल जज भर्ती में भी महिलाएं ज्यादा सिलेक्ट हुई हैं।