इस बार कम मिल पाएगा किन्नू का स्वाद:सर्दी कम पड़ने से किन्नू में नहीं आई रंगत और मिठास, उत्पादन भी कम

अपने स्वाद के लिए पूरे देश और दुनिया में प्रसिद्ध श्रीगंगानगर का किन्नू इस बार लोगों को कम उपलब्ध हो पाएगा। पिछले साल जहां किन्नू का उत्पादन चार लाख मीट्रिक टन था वहीं इस बार यह 2.80 लाख मीट्रिक उत्पादन ही होने का अनुमान है। जो किन्नू उत्पादन आएगा उसमें भी मौसम की मार से पर्याप्त रंग और मिठास नहीं मिल पा रही है। ऐसे में इस बार पर्याप्त किन्नू बाजार में आने की उम्मीद कम है वहीं इस बार इसके भाव भी रिटेल में पचास से साठ रुपए प्रति किलो तक हो रहे हैं। श्रीगंगानगर का किन्नू इंग्लैंड, श्रीलंका, भूटान, साउदी अरब, बांग्लादेश और मलेशिया तक जाता है। इन सभी देशों में निर्यात के लिए पर्याप्त किन्नू चाहिए लेकिन इस बार उत्पादन कम हाेने से थोक में भी कम मिल पा रहा है। श्रीगंगानगर किन्नू संघ के अध्यक्ष अरविंद गोदारा बताते हैं कि इस बार 20 रुपए प्रति किलो से ज्यादा में किन्नू के एडवांस सौदे हुए हैं। यानी किन्नू थोक में ही बीस रुपए प्रति किलो से ज्यादा में बिका है। ऐसे में ग्रेडिंग और वैक्सिंग के बाद यह पचास से साठ रुपए प्रति किलो तक मिल पाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार मौसम किन्नू के अनुकूल नहीं है। अब तक ओस और कोहरा कम है। ऐसे में किन्नू में रंगत और मिठास नहीं आ रही। कम मिल पाएगा किन्नू का स्वाद किन्नू क्लब के मुख्य संयोजक मुदित जैन ने बताया कि इस बार एडवांस सौदे ही महंगे हैं। करीब 25 रुपए प्रति किलो तक एडवांस में किन्नू के सौदे हो गए हैं लेकिन किन्नू के पेड़ों पर फल ही कम है। जो फल हैं वे भी मिठास और चमक के हिसाब से अभी तैयार हो रहे हैं। इस बार सर्दी पर्याप्त नहीं पड़ने से इस फसल में पर्याप्त चमक और मिठास नहीं आई है। एक बार ज्यादा और एक बार कम उत्पादन
उपनिदेशक कृषि विस्तार प्रीति गर्ग बताती हैं कि किन्नू में एक वर्ष के अंतराल से ही ज्यादा उत्पादन आता है। पिछले तीन साल का उत्पादन देखें तो पिछले साल वर्ष 2023 में चार लाख मीट्रिक टन किन्नू का उत्पादन हुआ। उससे पहले 2022 में 3 लाख 80 हजार मीट्रिक टन उत्पादन था, जबकि वर्ष 2024 में किन्नू के उत्पादन का अनुमानित आंकड़ा 2 लाख 80 हजार मीट्रिक टन है। मौसम अनुकूल नहीं होने से और तापमान ज्यादा रहने से किन्नू का फल पूरी तरह विकसित भी नहीं हो पाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *