इस बार भी करणी सिंह स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह:गणतंत्र दिवस पर सम्मान के लिए मांगे प्रस्ताव, सरकारी कर्मचारी भी कर सकेंगे आवेदन

गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह इस बार भी डॉ करणी सिंह स्टेडियम में होगा। इस दौरान बीएसएफ, पुलिस और होमगार्ड के जवान परेड में हिस्सा लेंगे। जिसकी तैयारी शुरू हो गई है। समारोह की पूर्व तैयारी बैठक शुक्रवार को जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला कलेक्टर ने बताया कि गणतंत्र दिवस को सुबह नौ बजे मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य अतिथि कौन होगा? ये अभी तय नहीं है। राज्य सरकार इस संबंध में आदेश जारी करेगी। जिला कलेक्टर ने बताया कि ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि परेड निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। मार्च पास्ट में पुलिस, बॉर्डर एवं अरबन होमगार्ड, तीसरी एवं दसवीं आरएसी बटालियन, एनसीसी छात्र-छात्राएं व महारानी सुदर्शन महाविद्यालय की छात्राओं की टुकड़ियां भाग लेंगी। राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) करेंगे। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा पीटी योगासन, लोक-संस्कृति आधारित नृत्य आदि की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
जिला कलेक्टर ने डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में सफाई और रोशनी की पुख्ता व्यवस्था करने , स्टेडियम की साफ सफाई, सुरक्षा, शामियाना, बेरिकेडिंग, फर्नीचर, बिजली, पेयजल, पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र, पुष्प, बैठक, कानून एवं यातायात सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्वाभ्यास के दौरान भी समस्त व्यवस्थाएं सुचारू रहें। राज्य सरकार के हर विभाग अपने अधीनस्थ उल्लेखनीय कार्य करने वाले कार्मिकों के प्रस्ताव सम्मान के लिए समय पर भिजवा दें।
इस दौरान गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आवश्यक समन्वय रखें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) डॉ दुलीचंद मीना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रमेश देव, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *