भास्कर न्यूज| राजनगर सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत ईचा गांव में राजपरिवार का प्राचीन रघुनाथ जी महाप्रभु के मंदिर को झारखंड सरकार ने पर्यटक स्थल घोषित किया है। इसकी जानकारी ईचा परिवार के रोमी सिंहदेव ने दी। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी की है। रघुनाथ जी महाप्रभुजी मंदिर के पर्यटक स्थल के रूप में घोषित होने से ईचा राजपरिवार एवं ग्रामीणों में खुशी की लहर है। इसके साथ ही इसे पर्यटक स्थल के रूप विकसित करने के प्रयास में लगे रहे ईचा के रिटायर्ड कर्नल दिनेश कुमार सिंहदेव, अजंता नारायण सिंहदेव, राजेश्वर सिंहदेव एवं रोमी सिंहदेव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपक बिरूवा के प्रति आभार जताया है। रोमी सिंहदेव ने बताया कि रघुनाथ जी महाप्रभु मंदिर को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित कर इस प्राचीन धरोहर को संरक्षित करने की मांग वर्षों से हमलोग कर रहे थे। इसको लेकर रिटायर्ड कर्नल दिनेश कुमार सिंहदेव ने इसे लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की थी । जिसका नतीजा है कि सरकार ने आज हमारे प्राचीन धरोहर को संरक्षित करने का सराहनीय कदम उठाया है।


