भास्कर न्यूज | अमृतसर रमजान के मुबारक महीने के खत्म होने के बाद ईद खुशियां लेकर आता है। ईद इंसानियत, भाईचारे और प्रेम का जश्न है। सोमवार को शहर के मुस्लिम समाज ने मिलकर ईद मनाई। उन्होंने मस्जिदों में जाकर ईद-उल फितर की नमाज अता की। नमाज अता करने के बाद सभी गिले शिकवे भुलाकर एक दूसरे के गले मिले और ईंद की बधाई दी। हाल गेट स्थित मस्जिद खेरुद्दीन में सुबह 9 बजे मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की नमाज अता की। नमाज अता करने के बाद मौलवियों ने सभी को बधाई दी। इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी, डॉ. अजय गुप्ता मुख्य रूप से मस्जिद में पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम भाइयों के गले मिलकर ईद की बधाई दी। इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सोनी और विधायक डॉ. गुप्ता भी गले मिले। वहीं पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी भी मस्जिद पहुंचे। इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सोनी ने कहा कि ईद सिर्फ एक त्यौहार नहीं, बल्कि यह इंसानियत, भाईचारे और प्रेम का जश्न है। छेहर्टा जामा मस्जिद दीन मोहम्मद, जलियावाला बाग, टाउन हाल और सुल्तानविंड रोड स्थित मस्जिदों में भी नमाज अता की।